दुमका। अंतर्राष्ट्रीय श्रमिक दिवस के अवसर पर ब्रह्मा कुमारीज़ संस्था, दुमका द्वारा एक प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में समाज के विभिन्न वर्गों से जुड़े गणमान्य अतिथियों एवं श्रमिक भाई-बहनों की उत्साहपूर्ण सहभागिता रही।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व नगर अध्यक्षा अमिता रक्षित, सिविल सोसाइटी के अध्यक्ष राधेश्याम वर्मा, बमबम भाई तथा जेएमएम के नगर अध्यक्ष विजय जी उपस्थित रहे। सभी अतिथियों का संस्था की ओर से स्वागत एवं सम्मान किया गया।
संस्था की संचालिका बी.के. जयमाला दीदी ने ब्रह्मा कुमारीज़ संस्था का परिचय देते हुए उसके आध्यात्मिक एवं सामाजिक योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि संस्था राजयोग ध्यान के माध्यम से व्यक्ति के आंतरिक विकास एवं समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए कार्य कर रही है।
डॉ. पीयूष भाई जी ने श्रमिक दिवस मनाने के उद्देश्य को स्पष्ट करते हुए श्रमिकों के योगदान की सराहना की और उनके सम्मान एवं अधिकारों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान बी.के. रेखा बहन द्वारा राजयोग कमेंट्री के माध्यम से सभी को ध्यान (मेडिटेशन) की दिव्य अनुभूति कराई गई, जिससे उपस्थित जनों ने शांति और सकारात्मक ऊर्जा का अनुभव किया।
इस अवसर पर श्रमिक दिवस की खुशी में केक कटिंग एवं कैंडल लाइट कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। साथ ही सभी श्रमिकों को अंग वस्त्र एवं तिलक लगाकर सम्मानित किया गया तथा उन्हें फोटो फ्रेम और प्रसाद भेंट स्वरूप प्रदान किया गया।
मंच का संचालन मनीषा बहन ने कुशलतापूर्वक किया। कार्यक्रम में संस्था के मुख्य सदस्य बंटी भाई, अर्जुन भाई, राजू भाई, राज कुमार भाई सहित सभी भाई-बहनों ने उमंग एवं उत्साह के साथ भाग लिया।
अंत में सभी ने श्रमिकों के सम्मान एवं उनके कल्याण हेतु संकल्प लिया तथा कार्यक्रम का समापन शुभकामनाओं के साथ हुआ।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


