पलामू । झारखंड सरकार के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद मंगलवार को उन्हें रांची के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। मंत्री हाल ही में पश्चिम बंगाल में चुनाव प्रचार के लिए गए थे और वहां से लौटने के बाद उनकी तबीयत खराब हो गई।
मंत्री राधाकृष्ण किशोर रविवार को पश्चिम बंगाल से मेदिनीनगर, पलामू पहुंचे थे। इसी दौरान उनकी तबीयत बिगड़ने की सूचना सामने आई। सोमवार शाम वे पलामू से रांची लौट आए, लेकिन रात में उनकी स्थिति और खराब हो गई। इसके बाद मंगलवार सुबह उन्हें रांची स्थित सेंटेविटा अस्पताल में भर्ती कराया गया।
फिलहाल उनकी स्वास्थ्य स्थिति को लेकर कोई आधिकारिक ताजा अपडेट जारी नहीं किया गया है, लेकिन अस्पताल में विशेषज्ञ डॉक्टरों की एक टीम उनकी निगरानी कर रही है। आवश्यक मेडिकल जांच भी कराई जा रही हैं, जिससे कि बीमारी के कारणों का सही पता लगाया जा सके और समय पर उपचार सुनिश्चित हो।
वित्त मंत्री के अस्वस्थ होने की सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी सेंटेविटा अस्पताल पहुंचे। उन्होंने अस्पताल में मौजूद चिकित्सकों से राधाकृष्ण किशोर के स्वास्थ्य की जानकारी ली और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। मुख्यमंत्री की इस मुलाकात को लेकर राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में भी चर्चा रही।
बताया गया कि पलामू दौरे के दौरान सोमवार को मंत्री ने परिसदन में पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के अभियंताओं के साथ पेयजल समस्या के समाधान को लेकर बैठक की थी। इसी बैठक के दौरान वे अस्वस्थ नजर आ रहे थे। जब अधिकारियों और सहयोगियों ने उनके स्वास्थ्य के बारे में पूछा, तो उन्होंने लूज मोशन की शिकायत बताई थी।
मेदिनीनगर में चिकित्सक डॉ. आर.के. रंजन ने प्राथमिक उपचार किया था, लेकिन बाद में तबीयत अधिक बिगड़ने पर उन्हें रांची रेफर कर दिया गया। अब राजधानी में उनका इलाज जारी है।
गौरतलब है कि पलामू सहित आसपास के क्षेत्रों में इन दिनों भीषण गर्मी और लू का प्रकोप जारी है। तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है, जिससे आम लोगों के साथ-साथ जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों पर भी असर पड़ रहा है। दोपहर के समय घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है।
संभावना जताई जा रही है कि अत्यधिक गर्मी और लगातार व्यस्त कार्यक्रमों के कारण मंत्री की तबीयत प्रभावित हुई हो। फिलहाल सभी की नजर उनके स्वास्थ्य पर बनी हुई है और समर्थक उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


