हजारीबाग । जिले के बरही स्थित बैंक ऑफ महाराष्ट्र में शुक्रवार को पांच अपराधियों ने लूट की वारदात को अंजाम दिया। अपराधी 05 की संख्या में आए थे। उन्होंने 20 मिनट के अंदर करीब 05 करोड़ रुपये का सोना और 05 लाख रुपये कैश अपने साथ ले गए। यह सोना ग्राहकों के गोल्ड लोन के रूप में बैंक में जमा था। लूट के दौरान अपराधियों ने बैंक कर्मचारियों और मैनेजर के साथ मारपीट भी की। बरही एसडीपीओ अजीत कुमार विमल ने घटना की पुष्टि की है। बैंक के डिप्टी मैनेजर रौशन सिंह ने बताया कि करंट अकाउंट खुलाने के नाम पर सबसे पहले दो लोग अंदर आए। इसके बाद दो और अपराधी अंदर आए और सभी ने पिस्टल निकाल लिया। फिर सारे स्टाफ को किनारे में ले आए। कुछ देर बाद उनका एक और साथी अंदर आ गया।
सभी ने ब्रांच हेड अजय राम के साथ मारपीट की और कैश मांगा। हमने कैश का लॉकर खोल दिया। उन्होंने सारे रुपये निकाल लिए। इसके बाद उन्होंने 05-06 करोड़ रुपये का सोना भी ले लिया। उन्होंने बताया कि बदमाशों में दो ने हेलमेट लगा रखा तो दो ने गमछे से चेहरा बांध रखा था। वहीं, पांचवें अपराधी का चेहरा खुला था। सभी के पास कट्टा था। अपराधी 20 मिनट बैक के अंदर थे। घटना के समय कोई ग्राहक नहीं था। लूट के बाद सारे स्टाफ को स्ट्रांग रूप में बंद कर अपराधी चले गए। सभी दो बाइक से आए थे। घटना के बाद पुलिस ने क्षेत्र में नाकेबंदी कर दी है और अपराधियों की तलाश जारी है। पुलिस बैंक के अंदर पड़ताल कर रही है और सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। इस संबंध में एसपी अमन कुमार ने बताया कि पूरे मामले की जांच पड़ताल की जा रही है। जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जायेगा।


