संताल एक्सप्रेस संवाददाता
बरहेट/साहिबगंज – बरहेट थाना क्षेत्र के बरहेट बाजार स्थित मां मेडिको दवा दुकान के समीप दिनदहाड़े अज्ञात अपराधियों ने बाइक की डिक्की तोड़कर 2 लाख 70 हजार रुपये की नगदी उड़ा ली.पूरी वारदात पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है.
मिली जानकारी के अनुसार झबरी निवासी सीएसपी संचालक नवीन कांत कुमार मंडल की सीएसपी से राशि एसबीआई शाखा बरहेट से निकाली गई थी. उक्त राशि बरहेट तेली टोला निवासी सीएसपी संचालक राकेश कुमार साह के कर्मी धनजोरी गांव निवासी राजा साह बाइक की डिक्की में रखकर ले जा रहा था. इसी दौरान राजा साह मां मेडिको के पास बाइक खड़ी कर दवा खरीदने चला गया. तभी अपराधियों ने डिक्की का लॉक तोड़कर पूरी राशि निकाल ली और फरार हो गए.सीसीटीवी फुटेज में एक व्यक्ति डिक्की से रुपये निकालते तथा दूसरा साथी बाइक से पहुंचकर उसे लेकर भागते दिखाई दे रहा है.राजा साह को पीछा करते हुए भी देखा गया. घटना अपराह्न 4:30 से 5:30 बजे के बीच की बताई जा रही है.घटना की सूचना मिलते ही बोरियो प्रभाग के पुलिस निरीक्षक नुनू देव राय एवं बरहेट थाना प्रभारी पवन कुमार मौके पर पहुंचे.लोगों से पूछताछ की तथा सीसीटीवी फुटेज खंगालते हुए आगे की कार्रवाई में जुट गए हैं.
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


