महिला आरक्षण बिल पर विपक्ष पर बरसीं अन्नपूर्णा देवी
देवघर: केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने महिला शक्ति वंदन अधिनियम बिल को लेकर विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोला। भाजपा कार्यालय देवघर पहुंची केंद्रीय मंत्री ने कहा कि संसद में महिला आरक्षण से जुड़े इस महत्वपूर्ण विधेयक का विरोध कर विपक्ष ने महिलाओं के सशक्तिकरण के प्रति अपनी नकारात्मक सोच उजागर कर दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और उसके सहयोगी दल एक ओर महिलाओं के विकास की बात करते हैं, जबकि दूसरी ओर उन्हें राजनीतिक भागीदारी देने वाले कानून का विरोध करते हैं। अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि विपक्ष का यह रवैया उसकी दोहरी नीति और चरित्र को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण बिल महिलाओं को राजनीतिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है, लेकिन विपक्ष ने इसका विरोध कर यह साबित कर दिया कि वह महिलाओं के अधिकारों के पक्ष में नहीं है।
झारखंड की कानून व्यवस्था पर उठाए सवाल
केंद्रीय मंत्री ने झारखंड की कानून व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार जनता की सुरक्षा से अधिक अपने स्वार्थ में लगी हुई है। हाल की आपराधिक घटनाओं का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य में कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है और सरकार इस दिशा में गंभीर नहीं दिख रही है।
उन्होंने कहा कि राज्य में महिलाओं के खिलाफ लगातार अपराध हो रहे हैं, लेकिन सरकार प्रभावी कदम उठाने में विफल रही है। महिलाओं की सुरक्षा को लेकर प्रशासन की उदासीनता चिंताजनक है।
महिला आयोग गठन न होने पर जताई चिंता
अन्नपूर्णा देवी ने झारखंड में महिला आयोग का गठन नहीं होने पर भी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि राज्य में महिलाओं के अधिकारों और सुरक्षा को लेकर गंभीरता की कमी है। संथाल क्षेत्र में महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार की घटनाएं बढ़ रही हैं, लेकिन पीड़ितों को न्याय नहीं मिल पा रहा है। यह स्थिति राज्य सरकार की विफलता को दर्शाती है।
बंगाल चुनाव में विपक्ष को भुगतना पड़ेगा परिणाम
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि महिला आरक्षण बिल के विरोध का असर आने वाले बंगाल चुनाव में देखने को मिलेगा। उन्होंने दावा किया कि पश्चिम बंगाल की महिलाएं इस विरोध का जवाब मतदान के जरिए देंगी। उनके अनुसार, महिला विरोधी रवैये के कारण तृणमूल कांग्रेस को चुनाव में नुकसान उठाना पड़ेगा और महिलाएं भाजपा के पक्ष में मतदान कर विपक्ष को जवाब देंगी। इस अवसर पर देवघर जिला अध्यक्ष सचिन रवानी, प्रदेश समिति सदस्य रीता चौरसिया, विशाखा सिंह सहित कई भाजपा नेता मौजूद रहे।


