– दुबई से प्रत्यर्पण करा कर पहले कोलकाता लाया गया
– भारी सुरक्षा के बीच कोलकाता से धनबाद लाया गया
धनबाद। कुख्यात अपराधी और भगोड़ा प्रिंस खान का गुर्गा सैफी उर्फ मेजर को दुबई से धनबाद लाया गया है। मेजर प्रिंस खान गैंग का अहम किरदार है। वह प्रिंस खान के लिए वसूली करने के साथ – साथ हर घटना के बाद ऑडियो – वीडियो जारी कर घटना को अंजाम देने की जिम्मेवारी लेता था। कुछ दिन पहले ही मेजर को दुबई में गिरफ्तार किया गया था। धनबाद पुलिस ने केंद्रीय गृह मंत्रालय, दुबई पुलिस और इंटरपोल की मदद से मेजर का प्रत्यर्पण कराकर धनबाद लाया है।
हवाई जहाज से कोलकाता लाया गया
मेजर को पुलिस दुबई से पहले कोलकाता हवाई अड्डा लाई। वहां इससे पुलिस ने पूछताछ की इसके बाद उसे भारी सुरक्षा के बीच धनबाद लाया गया।
प्रिंस खान का खासमखास है मेजर
धनबाद पुलिस की माने तो मेजर प्रिंस खान का खासमखास है। प्रिंस खान को तकनीकी मदद मेजर ही करता था। वीडियो बनाना उसे जारी करना, मीडिया और प्रेस को वीडियो भेजने का जिम्मा भी मेजर ही संभालता था। प्रिंस के नाम पर कारोबारी, व्यापारी, डॉक्टर तथा अन्य लोगों को फोन, वीडियो कॉल तथा अन्य साधनों से धमकी भी मेजर ही देता था। प्रिंस के बैंक खाते तथा अन्य लेनदेन का काम भी मेजर के ही जिम्मे था। मेजर की गिरफ्तारी से प्रिंस खान को बड़ा झटका लगा है।
पुलिस को थी लंबे समय से तलाश
मेजर की तलाश पुलिस को लंबे समय से थी। पहले वह झारखंड तथा पश्चिम बंगाल के शहरों में अपना ठिकाना बना रखा था। पुलिस प्रिंस खान से जुड़े कई लोगों को पकड़ कर उसके मेजर होने का दावा किया था। पुलिस दबिश के बाद प्रिंस खान की तरह ही मेजर भी दुबई चला गया था। दुबई से ही प्रिंस खान के गिरोह को ऑपरेट करता था। वहीं से वह अपने शागिर्दों को निर्देश देता था। हाल के दिनों में पुलिस ने प्रिंस खान के कई गुर्गों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार लोगों की सूचना के आधार पर ही पुलिस ने कार्रवाई कर मेजर को गिरफ्तार किया है।
प्रिंस खान के बारे में अहम जानकारी मिल सकता है
मेजर की गिरफ्तारी के बाद पुलिस को उम्मीद है कि प्रिंस के बारे में कुछ अहम जानकारी हासिल हो सकती है। कारण यह है कि मेजर प्रिंस खान के सीधे संपर्क में रहता था।


