पूर्वी सिंहभूम । पूर्वी सिंहभूम जिले के बहरागोड़ा थाना क्षेत्र में खुशियों से भरा एक घर अचानक मातम में बदल गया। जिस परिवार में चार दिन बाद शादी की तैयारियां अपने चरम पर थीं, वहीं अब शहनाइयों की जगह सिसकियों की आवाज गूंज रही है।
उईनाला गांव निवासी 23 वर्षीय अनिमेष साहू ने कथित तौर पर शुक्रवार रात खुदकुशी कर ली। उसका शव शनिवार सुबह पॉलिटेक्निक कॉलेज के पीछे स्थित काजू बागान में पेड़ से लटका मिला। सूचना मिलते ही बहरागोड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की प्रक्रिया पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए घाटशिला अनुमंडल अस्पताल भेज दिया।
परिजनों के अनुसार, अनिमेष अपनी बहन की शादी को लेकर पिछले कुछ दिनों से काफी परेशान था। 21 अप्रैल को शादी तय थी और घर में तैयारियां चल रही थीं, लेकिन आर्थिक तंगी के कारण वह लगातार तनाव में था। पिता महादेव साहू ने पुलिस को बताया कि परिवार की कमजोर आर्थिक स्थिति के चलते शादी के खर्चों को लेकर अनिमेष गहरे मानसिक दबाव में आ गया था। वह अक्सर पैसों की चिंता करता था और खुद को असहाय महसूस कर रहा था।
बताया जा रहा है कि 17 अप्रैल से ही अनिमेष घर से लापता था। परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद तकनीकी सेल की मदद से उसकी मोबाइल लोकेशन ट्रैक की गई। इसी दौरान काजू बागान क्षेत्र में उसकी अंतिम लोकेशन मिली, जहां खोजबीन के दौरान उसका शव पेड़ से लटका हुआ बरामद हुआ।
घटना की खबर फैलते ही पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। शादी की तैयारियों में जुटे परिजन अब गहरे सदमे में हैं। घर में जहां मेहमानों के आने की तैयारी थी, वहीं अब रिश्तेदार शोक व्यक्त करने पहुंच रहे हैं। गांव के लोग भी इस घटना से स्तब्ध हैं और पीड़ित परिवार को ढांढस बंधा रहे हैं।
पुलिस ने मामले को लेकर यूडी केस दर्ज कर लिया है और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। थाना प्रभारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला खुदकुशी का प्रतीत होता है, हालांकि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


