धनबाद । धनबाद-रांची मुख्य मार्ग पर केंदुआडीह थाना के पास बुधवार सुबह करीब 8 बजे सड़क अचानक बीच से करीब 2 फीट तक धंस गई। इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और लोगों में दहशत का माहौल बन गया।
सड़क धंसने के साथ ही कई जगहों पर दरारें भी दिखाई देने लगीं, जिससे किसी बड़े हादसे की आशंका बढ़ गई है। स्थिति को देखते हुए केंदुआडीह पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सड़क के दोनों ओर बैरिकेडिंग कर मुख्य मार्ग को बंद कर दिया है। फिलहाल, यातायात को पास की एक लिंक रोड के जरिए संचालित किया जा रहा है और लोगों से सावधानी बरतने की अपील की गई है।
केंदुआडीह थाना प्रभारी प्रमोद पांडेय के अनुसार, मामले की जानकारी बीसीसीएल और जिला प्रशासन को दे दी गई है। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस सड़क को स्थायी रूप से बंद करने का निर्णय लिया जा सकता है।
मुख्य सड़क धंसने से आवागमन पूरी तरह ठप हो गया है। सूचना मिलने के बाद बीसीसीएल के कर्मचारी और सीआईएसएफ की टीम मौके पर पहुंची है और सुरक्षा के मद्देनजर सड़क पर बैरिकेडिंग कर दी गई, ताकि किसी प्रकार की अनहोनी से बचा जा सके।
स्थानीय लोगों और वार्ड संख्या 12 के पार्षद प्रतिनिधि कृष्णा राउत ने आरोप लगाया है कि बीसीसीएल लोगों को हटाने के लिए साजिश कर रही है। उनका कहना है कि लोग विस्थापन के लिए तैयार हैं, लेकिन उनकी शर्तें नहीं मानी जा रही हैं।
वहीं, इस संबंध में स्थानीय लोग मोनू पाठक, शैलेश पांडे, राम अवतार सिंह और बिरेंद्र तुरी ने बताया कि सड़क करीब डेढ़ से दो फीट तक धंस गई है।
उल्लेखनीय है कि इसी क्षेत्र में पिछले कई महीनों से जहरीली गैस का रिसाव भी हो रहा है, जिससे कई लोगों की जान जा चुकी है। अब मुख्य सड़क का धंसना चिंता का विषय बन गया है।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


