दुमका । उपायुक्त कार्यालय में सोमवार को उपायुक्त अभिजीत सिन्हा की अध्यक्षता में एलपीजी आपूर्ति को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक हुई। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य जिले के आम उपभोक्ताओं को बिना किसी परेशानी के और समय पर गैस सिलेंडर उपलब्ध कराना रहा। उपायुक्त ने जिले में गैस आपूर्ति की वर्तमान स्थिति का बारीकी से जायजा लिया और अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वितरण प्रणाली में पारदर्शिता बरती जाए।
बैठक के दौरान उपायुक्त ने सख्त लहजे में कहा कि जिले में गैस की कालाबाजारी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार छापेमारी और निरीक्षण करें, ताकि अवैध भंडारण या कालाबाजारी पर रोक लग सके। यदि कहीं भी अनियमितता पाई जाती है, तो संबंधित दोषियों के खिलाफ त्वरित और कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
आम जनता के साथ-साथ सरकारी योजनाओं को भी प्राथमिकता देने की बात कही गई। उपायुक्त ने गैस एजेंसियों को निर्देशित किया कि विद्यालयों, आंगनवाड़ी केंद्रों और मध्याह्न भोजन योजना जैसी आवश्यक सेवाओं में गैस की कमी नहीं होनी चाहिए। इन संस्थानों को प्राथमिकता के आधार पर सिलेंडर सप्लाई किए जाएं। इसके अलावा, होटल, रेस्टोरेंट और अन्य वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों के लिए भी कमर्शियल गैस की नियमित आपूर्ति बनाए रखने का आदेश दिया गया ताकि बाजार में संतुलन बना रहे। इस बैठक में जिला आपूर्ति पदाधिकारी समेत विभिन्न गैस एजेंसियों के प्रतिनिधि और अन्य विभागीय अधिकारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।


