रात 12 बजे निरीक्षण में 30 प्रतिशत अधिक वसूली पकड़ी गई
देवघर। नगर निगम क्षेत्र के इंट्री प्वाइंट पर आधी रात चल रहे अवैध वसूली के खेल का पर्दाफाश हुआ है। महापौर रवि कुमार राउत ने रात करीब 12 बजे औचक निरीक्षण कर पूरे मामले का खुलासा किया, जिसमें टोलकर्मियों द्वारा निर्धारित शुल्क से अधिक राशि वसूली की पुष्टि हुई।
मिली जानकारी के अनुसार स्थानीय युवाओं, वाहन मालिकों और चालकों से लगातार शिकायत मिल रही थी कि इंट्री प्वाइंट पर संवेदक और उनके कर्मी मनमानी कर रहे हैं। इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए महापौर ने देर रात अचानक निरीक्षण करने का निर्णय लिया। निरीक्षण के दौरान महापौर ने मौके पर मौजूद वाहन चालकों और टोलकर्मियों से बातचीत की। साथ ही जारी की जा रही रसीदों की जांच की गई, जिसमें यह पाया गया कि निर्धारित दर से करीब 30 प्रतिशत अधिक राशि वसूली जा रही थी। यह देख महापौर ने नाराजगी जताते हुए इसे पूरी तरह गलत और गैरकानूनी करार दिया। स्थानीय स्तर पर बातचीत में यह भी सामने आया कि अवैध वसूली का यह सिलसिला पिछले कई महीनों से जारी था। इस पर महापौर ने संबंधित संवेदक के खिलाफ जांच कर सख्त कार्रवाई की अनुशंसा की है। साथ ही अधिक वसूली में शामिल कर्मियों की पहचान कर उनके विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
महापौर ने निगम के अधिकारियों को निर्देशित किया है कि सभी इंट्री प्वाइंट पर वाहन शुल्क की स्पष्ट सूची लगाई जाए और शिकायत दर्ज कराने के लिए दूरभाष नंबर सार्वजनिक किया जाए, ताकि इस तरह की अनियमितताओं पर रोक लगाई जा सके।


