दुमका। झारखण्ड उत्पाद सिपाही प्रतियोगिता परीक्षा–2023 को स्वच्छ, शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है। गुरुवार को उपायुक्त अभिजीत सिन्हा की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में वरीय पदाधिकारियों और दंडाधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें परीक्षा की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।
उपायुक्त ने जानकारी दी कि 12 अप्रैल 2026 रविवार को जिले के 30 परीक्षा केंद्रों पर तीन पालियों में परीक्षा आयोजित की जाएगी। पहली पाली सुबह 08:30 बजे से 10:30 बजे तक, दूसरी पाली 11:30 बजे से 01:30 बजे तक और तीसरी पाली 03:30 बजे से 05:30 बजे तक संचालित होगी। इस परीक्षा में कुल 9528 अभ्यर्थी शामिल होंगे।
बैठक के दौरान उपायुक्त ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर मूलभूत सुविधाएं जैसे स्वच्छ पेयजल, शौचालय, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और बैठने की समुचित व्यवस्था हर हाल में सुनिश्चित की जाए। जिन केंद्रों पर प्रकाश की कमी है, वहां तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए। दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए विशेष सुविधाएं उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया।
साथ ही, प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर फर्स्ट ऐड बॉक्स की अनिवार्य उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया, ताकि आपात स्थिति में तुरंत चिकित्सा सहायता दी जा सके। उपायुक्त ने सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों को परीक्षा के दौरान पूरी सतर्कता बरतने और किसी भी प्रकार की अनियमितता या कदाचार को रोकने के लिए सक्रिय रहने को कहा।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सख्त निर्देश दिए गए हैं। परीक्षा केंद्रों में प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों की सघन जांच की जाएगी और मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ या अन्य किसी भी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण के साथ प्रवेश पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। किसी भी संदिग्ध वस्तु को अंदर ले जाने की अनुमति नहीं होगी।
उपायुक्त ने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि परीक्षा शुरू होने से कम से कम आधा घंटा पहले सभी अभ्यर्थियों को उनके निर्धारित सीट पर बैठा दिया जाए, ताकि परीक्षा समय पर और व्यवस्थित तरीके से शुरू हो सके। पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं और पूरी परीक्षा प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी।
बैठक के अंत में उपायुक्त ने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी गंभीरता, जिम्मेदारी और सतर्कता के साथ करने का निर्देश दिया, ताकि परीक्षा का सफल आयोजन सुनिश्चित किया जा सके।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


