नई दिल्ली । गर्मियों के मौसम में रसीले और पानी से भरपूर फलों की मांग तेजी से बढ़ जाती है। ऐसे में तरबूज को गर्मियों का सबसे लोकप्रिय और सेहतमंद फल माना जाता है, जो शरीर को ठंडक देने के साथ-साथ कई स्वास्थ्य लाभ भी प्रदान करता है। आयुर्वेद के अनुसार, तरबूज को पित्त शांत करने वाला फल माना जाता है, जो शरीर की आंतरिक गर्मी को कम करने में सहायक होता है। इसे विशेष रूप से ज्येष्ठ माह का फल कहा जाता है, जब तापमान अपने चरम पर होता है। हालांकि, बाजार में इसकी उपलब्धता पहले ही शुरू हो जाती है, लेकिन विशेषज्ञों की सलाह है कि मौसम के अनुसार ही इसका सेवन करना चाहिए, क्योंकि समय से पहले खाने पर यह पाचन संबंधी समस्याएं उत्पन्न कर सकता है। तरबूज की सबसे बड़ी खासियत इसमें मौजूद पानी की उच्च मात्रा है। इसमें लगभग 90 प्रतिशत पानी होता है, जो शरीर को हाइड्रेटेड बनाए रखने में मदद करता है और डिहाइड्रेशन से बचाव करता है। इसके साथ ही इसमें कैलोरी की मात्रा बेहद कम होती है, जिससे यह वजन नियंत्रित करने में भी सहायक है।
तरबूज खाने के बाद लंबे समय तक पेट भरा हुआ महसूस होता है, जिससे ओवरईटिंग से बचा जा सकता है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि तरबूज विटामिन सी और विटामिन ए का अच्छा स्रोत है, जो त्वचा और बालों की सेहत के लिए फायदेमंद होता है। विटामिन सी रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत करता है और गर्मियों में होने वाली समस्याओं जैसे दस्त और जी मिचलाने से बचाव में मदद करता है। वहीं, इसमें मौजूद एंटीऑक्सीडेंट्स मांसपेशियों की रिकवरी में सहायक होते हैं और शरीर को ऊर्जा प्रदान करते हैं।
तरबूज का सेवन शरीर में सूजन को कम करने में भी उपयोगी माना जाता है। इसमें मौजूद पोटैशियम और अन्य पोषक तत्व शरीर को मजबूती देते हैं और संतुलन बनाए रखते हैं। गर्मियों में दोपहर के समय तरबूज का सेवन सबसे ज्यादा लाभकारी माना जाता है, क्योंकि इस समय शरीर को ठंडक और पानी की सबसे अधिक आवश्यकता होती है। यदि समय की कमी हो, तो तरबूज का जूस भी एक अच्छा विकल्प है। इसे पुदीने के साथ मिलाकर पीने से स्वाद के साथ-साथ ताजगी भी बढ़ जाती है। हालांकि, जूस को बिना छाने पीना ज्यादा फायदेमंद होता है, क्योंकि इससे फाइबर की मात्रा बनी रहती है।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


