जालंधर। शहर में फिर से सुरक्षा संकट उत्पन्न हो गया है। कई प्रमुख स्कूलों को बम धमाके और प्रतिमा नुकसान की धमकी भरे ईमेल मिलने के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट हैं। सूचना के अनुसार, दिल्ली पब्लिक स्कूल, मायर वर्ल्ड स्कूल और एमजीएन स्कूल को धमकी भरे ईमेल भेजे गए, जिसमें दावा किया गया कि स्कूलों और डॉ. बाबा साहेब अंबेडकर की प्रतिमाओं को निशाना बनाया जाएगा। धमकी देने वालों ने खुद को खालिस्तान नेशनल आर्मी से जोड़कर बताया और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान व आम आदमी पार्टी के नेता अरविंद केजरीवाल को भी निशाना बनाने की बात कही।
पुलिस और साइबर टीम धमकी भेजने वालों का पता लगाने में जुटी हैं। स्कूलों और आसपास के इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले 16 मार्च को भी शहर के चार प्रमुख स्कूल-एपीजे स्कूल (रामा मंडी), दिल्ली पब्लिक स्कूल, सीटी वर्ल्ड पब्लिक स्कूल और कैंब्रिज इंटरनेशनल स्कूल को इसी तरह के धमकी भरे ईमेल मिले थे। उस समय भी बड़े हमले का दावा किया गया था, जिसमें बैसाखी के दिन हमले की योजना का जिक्र था।फिलहाल पुलिस और जांच एजेंसियां ईमेल की जांच में जुटी हुई हैं और साइबर टीम की मदद से भेजने वालों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। सुरक्षा के मद्देनजर स्कूलों और आसपास के इलाकों में सतर्कता बढ़ा दी गई है।


