बोरचल्ला /रांची । असम के बोरचल्ला विधानसभा क्षेत्र में आयोजित एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) प्रत्याशी अब्दुल मजान के पक्ष में जनता से समर्थन और वोट की अपील की। उन्होंने कहा कि हक, अधिकार और सम्मान की लड़ाई को मजबूत करने के लिए राजनीतिक ताकत जरूरी है और इसी उद्देश्य से झामुमो असम की धरती पर भी संघर्ष कर रही है।मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन की सरकार के सबसे चहेते मुख्यमंत्री असम से हैं क्योंकि इन्हें फुट डालों और राजनीति करो भलीभांति आती है।मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा का जन्म आदिवासी, दलित, पिछड़े और अल्पसंख्यक समाज के अधिकारों की रक्षा के लिए हुआ है।
उन्होंने आरोप लगाया कि डबल इंजन की सरकार समाज में फूट डालने की राजनीति करती है और लोगों को बांटकर सत्ता में बने रहने की कोशिश करती है।हेमंत सोरेन ने असम के चाय बागानों में रहने वाले मजदूरों, किसानों और आदिवासी समुदाय की स्थिति पर चिंता जतायी।उन्होंने कहा कि वर्षों से इन वर्गों को सुनियोजित तरीके से उपेक्षित रखा गया है। राज्य के कई गांवों में आज भी बिजली, पानी और पक्के मकान जैसी बुनियादी सुविधाओं का अभाव है और लोग कठिन परिस्थितियों में जीवन यापन कर रहे हैं।उन्होंने कहा कि असम की अर्थव्यवस्था चाय बागानों पर आधारित है, लेकिन उन्हीं बागानों में काम करने वाले मजदूरों को बेहद कम मजदूरी मिलती है, जो उनके जीवन-निर्वाह के लिए पर्याप्त नहीं है।
उन्होंने मजदूरी बढ़ाने और श्रमिकों को सम्मानजनक जीवन देने की आवश्यकता पर जोर दिया।मुख्यमंत्री ने केंद्र और राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी की नीतियां समाज को बांटने का काम करती हैं। एनआरसी और सीएए जैसे मुद्दों के माध्यम से लोगों के बीच भ्रम और विभाजन पैदा किया गया है।उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार आम जनता के बजाय कुछ चुनिंदा व्यापारियों के हितों को प्राथमिकता देती है।उन्होंने नोटबंदी और कोरोना काल का जिक्र करते हुए कहा कि आम जनता को बार-बार लाइन में खड़ा होकर कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।
आज भी लोगों को मूलभूत आवश्यकताओं के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है।महिलाओं के खातों में चुनाव के समय आर्थिक सहायता देने के मुद्दे पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि महिलाओं के खातों में नौ-नौ हजार रुपये डालने से क्या पांच वर्षों की जरूरतें पूरी हो सकती हैं।उन्होंने कहा कि यदि सरकार सचमुच महिलाओं को सशक्त बनाना चाहती है, तो हर महीने आर्थिक सहायता सुनिश्चित करनी चाहिए। लखीमपुर और दुलियाजान विधानसभा में भी किया जनसभा को संबोधित किया असम के लखीमपुर जिले के रोगोनाडी विधानसभा क्षेत्र स्थित डीजू टी स्टेट मैदान में मुख्यमंत्री एवं झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के केंद्रीय अध्यक्ष हेमंत सोरेन ने एक विशाल जनसभा को संबोधित किया।वहीं असम के डिब्रूगढ़ जिले के दुलियाजान विधानसभा क्षेत्र स्थित जालोनी टी स्टेट मैदान में हेमंत सोरेन ने झामुमो प्रत्याशी पीटर मिंज के समर्थन में जनता से वोट की अपील की।


