– वाहनों को किया क्षतिग्रस्त
– अधिकारियों को खदेड़ा
– सीआईएसएफ वी पुलिस को संभालना पड़ा मोर्चा
कतरास। सोनारडीह टंडाबाड़ी में मंगलवार को हुई भू – धंसान की घटना में तीन लोगों के दब कर मर जाने के बाद बुधवार को भारी बवाल हुआ। घटना स्थान का निरीक्षण व भराई करने गए अधिकारियों पर ग्रामीणों ने पत्थरबाजी की। वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया। स्थित की नजाकत को देखते हुए अधिकारी मौका से भाग निकले। बाद में पुलिस और सीआईएसएफ को मोर्चा संभालना पड़ा इसके बाद हंगामा शांत हुआ। भू-धंसान की घटना के बाद बुधवार को बीसीसीएल अधिकारी पुलिस प्रशासन के साथ जेसीबी लेकर पूरी टीम के साथ भराई करने पहुंचे। ग्रामीणों ने जमकर विरोध किया। बीसीसीएल अधिकारियों के आधा दर्जन वाहनों से अधिक वाहनों में तोड़ फोड़ का दी। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया। ग्रामीणों ने जेसीबी को वापस लौटा दिया। भू धसान से अब भी आधा दर्जन से अधिक घर प्रभावित है.
प्रभावित क्षेत्र से लोगों का पलायन शुरू
भू-धंसान की घटना के बाद कल रात से ही लोग ने पलायन करना शुरू कर दिया। भय और दहशत के कारण लोग रात से ही स्कूलों के शरण में हैं। बुधवार को सुबह होते ही लोग वाहनों से अपना-अपना सामान लेकर निकलने लगे। लोगों ने बताया कि जान से बढ़कर कुछ नहीं है. अब यहां रहना खतरे से खाली नहीं है.
निरीक्षण करने आये अधिकारियों का ग्रामीणों ने की फजीहत
घटना के बाद निरीक्षण करने आए कोयला भवन से डीटी ऑपरेशन संजय कुमार सिंह तथा डीटी कोल इंडिया सीआईएल डायरेक्टर अच्युत घटोरकर को भी ग्रामीणों के विरोध का सामना करना पड़ा। एरिया 3 के महाप्रबंधक वी विजय कुमार पर ग्रामीणों ने हमला बोल दिया।
सीआईएसएफ ने संभाला मोर्चा
निरीक्षण के दौरान जब ग्रामीण उग्र हो गए और अधिकारियों तथा वाहनों पर हमला बोल दिया तो सीआईएसएफ के जवानों ने तुरंत मोर्चा संभाला। उग्र ग्रामीणों के बीच से सीआईएसएफ के जवानों ने अधिकारियों को सुरक्षित बाहर निकाला। ग्रामीणों द्वारा किए गए पथराव में गोविंदपुर एरिया के महाप्रबंधक वी विजय कुमार आंशिक रूप से घायल हो गए।


