धनबाद। बीसीसीएल गोविंदपुर एरिया 3 के सोनारडीह टंडाबारी में मंगलवार देर शाम जोरदार आवाज के साथ एक घर जमींदोज हो गया। आधा दर्जन घरों में दरारें पड़ गई। भू-धंसान की घटना में तीन लोग दबे होने की आशंका जताई जा रही है।
घटना के बाद आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया। लोग इधर-उधर भागने लगे। घटना के विरोध में दर्जनों लोगों ने सोनारडीह ओपी का घेराव कर एन एच 32 रोड जाम कर दिया। घटना के बाद पीड़ित परिवार के लोग राहत कार्य के लिए थाना परिसर का घेराव कर राहत कार्य शुरू करने की मांग कर रहे हैं। घटना की सूचना पाकर बाघमारा विधायक शत्रुघ्न महतो घटनास्थल पहुंचे। पीड़ित परिवार से मिलकर शीघ्र राहत कार्य शुरू करने की बात कही। विधायक ने घटनास्थल से ही उपायुक्त धनबाद तथा बीसीसीएल सीएमडी को मामले की जानकारी दी। विधायक ने डीसी एवं सीएमडी से तुरंत रेस्क्यू टीम भेजने की बात कही। सीएमडी ने तुरंत रेस्क्यू टीम भेजे जाने की बात कही है।
घटना के बाद स्थिति तनाव पूर्ण हो गया है. बाघमारा विधायक शत्रुघ्न महतो ने कहा कि अवैध उत्खनन के कारण घटना घटी है। उन्होंने इसके लिए राज्य सरकार तथा जिला प्रशासन को जिम्मेदार बताया है। घटना की जानकारी देते हुए बीसीसीएल कर्मी परशुराम उरांव ने बताया कि भू-धंसान में उनकी पत्नी सरिता देवी उम्र 35, पड़ोसी 17 वर्षीय गीता कुमारी तथा मनु उरांव 70 वर्ष जमीनदोंज हो गये हैं। महिला मोनू उरांव का पडोसी है। मोनू उरांव की बेटी सरिता कुमारी उसके घर गईं थी। रिंकी कुमारी थाना पहुंचकर परिजनों की को बचाने को लेकर हंगामा किया। परिजनों ने वहां तुरंत राहत कर शुरू करने की मांग की।वो परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। परिजन ने घटना का कारण अवैध उत्खनन को बताया है। घटना की सूचना मिलने पर बाघमारा डीएसपी पुरुषोत्तम कुमार, बाघमारा अंचलाधिकारी गिरजानंद किस्कू घटना स्थल पर पहुंचे। घटनास्थल का जायजा लेकर राहत कर शुरू करने की बात कही। बीसीसीएल की रेस्क्यू टीम भी घटना स्थल पर पहुंच गई है। बचाव कार्य शुरू हो गया है।
जीएम सेफ्टी पहुंचे घटना स्थल पर
कतरास। भू – धसान की सूचना पाकर कोयला भवन से जीएम सेफ्टी संजय कुमार सिंह घटनास्थल पर पहुंचे। घटनास्थल का निरीक्षण किया बीसीसीएल के अधिकारियों से जानकारी ली।पत्रकारों से कहा कि रेस्क्यू टीम पहुंच चुकी है। राहत कार्य शुरू हो गया है। अभी देखा जा रहा है क्या मामला है और कैसे रेस्क्यू टीम काम करेगी। एक सवाल के जवाब में कहा कि कुछ लोग दबे होने की आशंका है एक घर जमीनदोज हुआ है। इधर बाघमारा डीएसपी ने बताया कि एक घर जमींदोज होने की सूचना है। बीसीसीएल के अधिकारी और रेस्क्यू टीम पहुंच गई है। छानबीन की जा रही है। बीसीसीएल के साथ जिला प्रशासन काम कर रहा है। स्थिति तनावपूर्ण है लेकिन नियंत्रण में है.
बाघमारा अंचल अधिकारी गिरजानंद किस्कू ने बताया कि टंडाबरी में एक घर जमीदोंज हुआ है। जिसमें एक पुरुष और दो महिला दबे होने की आशंका है। अंधेरा होने के कारण दिक्कत आ रही है. उन्होंने कहा यहां स्थिति तनावपूर्ण है लेकिन पूरी तरह नियंत्रण में है।


