मसलिया (दुमका): मसलिया प्रखंड के सिदपहाड़ी गांव में लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। बारिश का पानी रिहायशी इलाकों में भरने से ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। गांव के कई घरों में पानी घुस जाने से लोगों को भारी नुकसान का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, जलजमाव के कारण मिट्टी के घरों पर संकट मंडराने लगा है। पानी की मार झेल रहे इन कच्चे मकानों के कभी भी ढहने का डर बना हुआ है, जिससे ग्रामीण दहशत में हैं। विशेष रूप से सारजन मुर्मू, दास मुर्मू और धर्मेन्द्र मुर्मू के घरों में पानी घुस जाने से उनका घरेलू सामान खराब हो गया है और रहने की विकट समस्या उत्पन्न हो गई है।
प्रभावित परिवारों ने प्रशासन से गुहार लगाई है कि स्थिति का जायजा लेकर उन्हें जल्द से जल्द राहत पहुंचाई जाए। वर्तमान में ग्रामीण असुरक्षित महसूस कर रहे हैं और उन्हें डर है कि यदि बारिश जारी रही, तो उनके आशियाने जमींदोज हो सकते हैं।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


