सरैयाहाट। प्रखंड क्षेत्र की जिला परिषद सदस्य राधिका देवी साइबर ठगी का शिकार हो गईं। साइबर अपराधियों ने उनके बैंक खाते से करीब तीन लाख रुपये की निकासी कर ली। राधिका देवी ने बताया कि उनके इंडियन बैंक खाते से 25 मार्च से 27 मार्च के बीच अलग-अलग समय पर कुल 2,99,660 रुपये यूपीआई के माध्यम से निकाले गए हैं। खाते के स्टेटमेंट से पता चला है कि राशि किस्तों में अलग-अलग समय पर ट्रांसफर की गई है। उन्होंने बताया कि उनका बड़ा बेटा दिल्ली में रहता है और जिस मोबाइल से उनके बैंक खाते का संचालन होता है, वह उसी के पास रहता है। इसी दौरान मोबाइल पर एक संदिग्ध लिंक आया, जिस पर क्लिक करने के बाद ही खाते से पैसे उड़ाए जाने की घटना हुई। मामले को लेकर उन्होंने संबंधित बैंक शाखा के साथ-साथ साइबर पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराई है। इस संबंध में इंडियन बैंक हंसडीहा शाखा के प्रबंधक ने बताया कि बैंक की ओर से कभी भी किसी ग्राहक के मोबाइल पर कोई लिंक नहीं भेजा जाता है और न ही ओटीपी के लिए कॉल किया जाता है। उन्होंने कहा कि बैंक द्वारा लगातार साइबर ठगी से बचाव को लेकर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है, बावजूद इसके लोगों को सतर्क रहने की आवश्यकता है। बैंक प्रबंधन ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अज्ञात लिंक पर क्लिक न करें और अपनी बैंकिंग संबंधी जानकारी किसी के साथ साझा न करें।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


