जैविक तकनीक और देखभाल से किसान ने हासिल की बड़ी सफलता
प्रतापगढ़ । उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक किसान ने अपने खेत में 5 फीट से अधिक लंबी मूली उगाकर सभी को चौंका दिया है। किसान की यह अनोखी उपलब्धि सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है और लोग उसकी जमकर सराहना कर रहे हैं।
बताया जा रहा है कि यह मूली सामान्य किस्मों से कहीं ज्यादा लंबी है। आमतौर पर मूली की लंबाई 1 से 2 फीट तक ही होती है, लेकिन इस किसान ने नई तकनीक, बेहतर बीज और खास देखभाल के जरिए इसे 5 फीट तक पहुंचा दिया। वीडियो में किसान खुद इस मूली को दिखाते हुए अपनी खेती के तरीकों के बारे में जानकारी देता नजर आ रहा है। किसान का कहना है कि उसने जैविक खाद, नियमित सिंचाई और समय-समय पर उचित देखभाल पर विशेष ध्यान दिया। इसी का परिणाम है कि उसकी फसल इतनी असाधारण रूप से विकसित हुई। इस उपलब्धि के बाद आसपास के गांवों से लोग इस अनोखी मूली को देखने के लिए उसके खेत तक पहुंच रहे हैं।
प्रतापगढ़ के इस किसान की सफलता ने यह साबित कर दिया है कि यदि आधुनिक तकनीक और पारंपरिक ज्ञान का सही संयोजन किया जाए, तो खेती में असाधारण परिणाम हासिल किए जा सकते हैं। किसान की इस उपलब्धि से अन्य किसानों को भी प्रेरणा मिल रही है।
लंबी मूली उगाने का रिकॉर्ड एथरटन के नाम है दर्ज
जानकारी के मुताबिक भारत में ‘जौनपुरी नेवार मूली’ जैसी किस्में 4 से 6 फीट तक लंबी हो सकती हैं, लेकिन इस तरह का उत्पादन अभी भी दुर्लभ माना जाता है। इससे पहले बिहार और सिक्किम के किसानों द्वारा उगाई गई अपेक्षाकृत छोटी लंबाई की मूली भी चर्चा में रही थी। वहीं, विश्व स्तर पर सबसे लंबी मूली उगाने का रिकॉर्ड जो एथरटन के नाम दर्ज है, जिन्होंने 2025 में 7.8 मीटर (करीब 25 फीट) लंबी मूली उगाकर कीर्तिमान बनाया था।


