रांची: झामुमो ने असम विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा फैसला लेते हुए 21 प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी है। पार्टी ने यह कदम कांग्रेस के साथ गठबंधन नहीं बनने के बाद उठाया है, जिससे अब मुकाबला त्रिकोणीय होने के संकेत मिल रहे हैं।
पार्टी के महासचिव और प्रवक्ता विनोद पांडे ने आधिकारिक तौर पर उम्मीदवारों की घोषणा की। सूची के अनुसार मजबत सीट से प्रीति रेखा बारला, विश्वनाथ से तेहरू गौर और खुमतई से अमित नाग को टिकट दिया गया है। इसके अलावा चाबुआ से भूपेन मुरारी, गोसाईगांव से फेडक्रिसन हांसदा, सोनारी से बलदेव तेली, दुलाजान से पीटर मिंज, डिगबोई से भरत नायक समेत कई नाम शामिल हैं। अन्य सीटों पर भी झामुमो ने अपने उम्मीदवार उतारकर चुनावी मुकाबले को दिलचस्प बना दिया है।
कांग्रेस के साथ गठबंधन नहीं बनने के बाद झामुमो ने अकेले चुनाव लड़ने का फैसला किया है। पार्टी की रणनीति खासतौर पर आदिवासी बहुल इलाकों में अपनी पकड़ मजबूत करने की है। पिछले कुछ महीनों से झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन असम में सक्रिय रहे हैं, जिससे साफ है कि पार्टी इस चुनाव को गंभीरता से ले रही है। झामुमो ने अपने स्टार प्रचारकों की सूची भी जारी कर दी है।
अब असम में झामुमो सीधे तौर पर भाजपा और कांग्रेस दोनों के खिलाफ चुनावी मैदान में है।
राजनीतिक जानकारों के मुताबिक, झामुमो का यह कदम राज्य की कुछ सीटों पर वोट समीकरण बदल सकता है, खासकर उन इलाकों में जहां आदिवासी मतदाता निर्णायक भूमिका में हैं। गौरतलब है कि बिहार चुनाव में भी कांग्रेस-राजद गठबंधन ने झामुमो को खास तवज्जो नहीं दी थी। ऐसे में पार्टी अब स्वतंत्र राजनीतिक पहचान के साथ दूसरे राज्यों में अपनी मौजूदगी दर्ज कराने की कोशिश कर रही है।


