संताल एक्सप्रेस संवाददाता
पाकुड़ । उपायुक्त मनीष कुमार एवं पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी के निर्देशानुसार रविवार देर रात अनुमंडल पदाधिकारी साईमन मरांडी व अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी डीएन आजाद के नेतृत्व में विभिन्न थानों की संयुक्त पुलिस टीम द्वारा मंडल कारा में विशेष औचक छापेमारी अभियान चलाया गया। सर्च अभियान के दौरान कारा अधीक्षक भी उपस्थित रहे।
अधिकारियों एवं पुलिस बल ने पुरुष एवं महिला कैदी सेल, कैदी अस्पताल, किचन सहित मंडल कारा के सभी महत्वपूर्ण वार्डों और स्थानों का विस्तार से निरीक्षण किया। तलाशी के दौरान किसी भी प्रकार का आपत्तिजनक, प्रतिबंधित अथवा संदिग्ध सामान बरामद नहीं हुआ, जिससे जेल की सुरक्षा व्यवस्था के सुदृढ़ एवं नियंत्रित रहने की पुष्टि होती है।
निरीक्षण उपरांत एसडीओ ने बताया कि आगामी पर्व-त्योहारों के मद्देनज़र विधि-व्यवस्था एवं सुरक्षा मानकों की समीक्षा के उद्देश्य से निरीक्षण किया गया। निरीक्षण में सभी वार्ड नियम-संगत पाए गए तथा किसी प्रकार की कोई अवैध गतिविधि दृष्टिगोचर नहीं हुई। एसडीपीओ ने कैदियों से संवाद भी स्थापित किया, जहां किसी ने कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई। जेल परिसर की साफ-सफाई, अस्पताल व्यवस्था, भोजन व्यवस्था एवं अन्य सुविधाएं संतोषजनक व मानकों के अनुरूप पाई गई।


