बेलाबगान स्थित एसबीआई एटीएम में वारदात, दो युवकों ने झांसे में लेकर की घटना
देवघर । नगर क्षेत्र के बेलाबगान स्थित एसबीआई एटीएम में मदद के नाम पर साइबर ठगी का मामला सामने आया है। सारठ प्रखंड के खखड़ा निवासी और वर्तमान में जसीडीह के संत फ्रांसिस स्कूल के पास रहने वाले एलआईसी एजेंट गौरंग चंद्र सिंह से अपराधियों ने करीब एक लाख रुपये की ठगी कर ली। पीड़ित ने बताया कि वह बेलाबगान स्थित एसबीआई एटीएम में अपना स्टेटमेंट निकालने गए थे। उस समय उनके खाते में एक लाख दो हजार रुपये मौजूद थे। इसी दौरान दो युवक वहां पहुंचे और बातचीत के दौरान कहा कि पैसा निकल रहा है। पीड़ित ने मना किया, लेकिन दोनों युवकों ने अपने एटीएम कार्ड से दस हजार रुपये निकालकर भरोसा जीतने की कोशिश की। इसके बाद जब गौरंग चंद्र सिंह ने दोबारा अपना एटीएम कार्ड मशीन में डाला, तो किसी तरह उनका कार्ड मशीन में फंसा दिया गया। जब उन्होंने कार्ड निकालने की बात कही तो युवकों ने एटीएम में लगे एक कथित हेल्पलाइन नंबर पर कॉल करने की सलाह दी। जैसे ही पीड़ित ने उस नंबर पर कॉल किया, फोन उठाने वाले ने खुद को बैंक से जुड़ा व्यक्ति बताते हुए उन्हें एसबीआई साधना भवन आने को कहा।
पीड़ित तुरंत साधना भवन की ओर गए, जहां फोन करने वाले ने कहा कि वह एटीएम के पास ही आ गया है और वहीं पहुंचने को कहा। जब पीड़ित वापस एटीएम पहुंचे तो दोनों युवक वहां से गायब थे। इसी बीच उनके मोबाइल पर खाते से एक लाख रुपये निकासी का संदेश आ गया। इसके बाद उन्हें ठगी का एहसास हुआ। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। एटीएम के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि एटीएम में अनजान लोगों की मदद लेने से बचें और किसी भी संदिग्ध नंबर पर कॉल न करें।
सतर्क रहें, सुरक्षित रहें
एटीएम उपयोग के दौरान किसी अनजान व्यक्ति पर भरोसा न करें। बैंक से संबंधित किसी भी समस्या के लिए केवल आधिकारिक नंबर पर ही संपर्क करें। थोड़ी सी लापरवाही बड़ी आर्थिक नुकसान का कारण बन सकती है।


