दुमका : पुलिस ने पशु तस्करी और चोरी के खिलाफ त्वरित कार्रवाई करते हुए एक अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। रानीश्वर थाना क्षेत्र के रंगालिया गांव में गोशाला का दरवाजा तोड़कर चार बैलों की चोरी करने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों में पिता-पुत्र भी शामिल हैं।
————–
रात के अंधेरे में दिया वारदात को अंजाम
घटना शुक्रवार रात करीब 1:15 बजे की है। रंगालिया निवासी श्यामसुंदर देहरी के गोशाला से अज्ञात चोरों ने चार बैल चुरा लिए थे। पीड़ित ने तत्काल इसकी सूचना रानेश्वर थाना पुलिस को दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी बलराम कुमार सिंह ने तुरंत सीमावर्ती थानों को अलर्ट किया और नाकेबंदी कराई।
———–
चेकिंग के दौरान धरे गए आरोपी
सघन चेकिंग के दौरान मसानजोर ओ०पी० पुलिस ने बागलान के पास एक संदिग्ध महिंद्रा पिकअप रजिस्ट्रेशन नं- JH04Y 9371 को रोका। तलाशी लेने पर उसमें चार बैल लदे पाए गए। कड़ाई से पूछताछ और सत्यापन के बाद पता चला कि ये वही बैल थे जो रानेश्वर से चोरी हुए थे। पुलिस ने मौके से तीन आरोपियों को दबोच लिया।
——
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान
पुलिस की गिरफ्त में आए आरोपियों की पहचान नीरज कुमार साह और उनके पिता प्रभात साह, निवासी सरुवा, मुफस्सिल दुमका तथा ललन कुमार यादव , निवासी विराजपुर, सोनारायठाड़ी देवघर के रूप में हुई है। पूछताछ में तीनों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है।
————-
पुलिस टीम की मुस्तैदी रंग लाई
इस सफल अभियान में रानेश्वर थाना प्रभारी बलराम कुमार सिंह, मसानजोर थाना प्रभारी अवधेश कुमार और अनुसंधानकर्ता सुरेश कुमार सहित दोनों थानों के सशस्त्र बल शामिल थे। पुलिस ने चोरी में प्रयुक्त पिकअप वैन को जब्त कर लिया है और आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।


