खचाखच भरे पंडाल में बॉलीवुड गायिका के गीतों पर झूमे लोग, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की मौजूदगी
देवघर। राजकीय बैद्यनाथ महोत्सव के तहत बुधवार को आयोजित सांस्कृतिक संध्या में बॉलीवुड गायिका मधुबंती बागची की प्रस्तुति ने माहौल को सुरमयी बना दिया। कार्यक्रम स्थल पर शाम ढलते ही लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी और पूरा पंडाल खचाखच भर गया।
मधुबंती बागची ने एक से बढ़कर एक लोकप्रिय गीत प्रस्तुत कर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनके सुरों पर युवा, बुजुर्ग और महिलाएं सभी झूमते नजर आए। जैसे-जैसे कार्यक्रम आगे बढ़ा, दर्शकों का उत्साह और भी बढ़ता गया और तालियों की गड़गड़ाहट से पूरा परिसर गूंजता रहा। तीन दिवसीय राजकीय बैद्यनाथ महोत्सव 2026 का समापन बुधवार को रंगारंग कार्यक्रमों के साथ हुआ। अंतिम दिन सांस्कृतिक और लोक कला से जुड़े कई आकर्षक कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें स्थानीय कलाकारों से लेकर प्रसिद्ध गायकों तक ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। महोत्सव के दौरान डीसी नमन प्रियेश लकड़ा ने कहा कि भारत में लोक कला और संस्कृति की समृद्ध परंपरा रही है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से पारंपरिक लोक नृत्य और कलाओं को बढ़ावा मिलता है। उन्होंने बताया कि इस महोत्सव का उद्देश्य स्थानीय कलाकारों को मंच देना और उनकी कला को अधिक लोगों तक पहुंचाना है, ताकि समाज अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़ा रह सके। उन्होंने यह भी कहा कि देवघर को प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के लिए राज्य सरकार लगातार कार्य कर रही है। इस दिशा में इस तरह के आयोजन महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। अंत में उन्होंने सभी के सहयोग के लिए आभार जताते हुए विश्वास व्यक्त किया कि महोत्सव आने वाले वर्षों में नई ऊंचाइयों को छुएगा। अंतिम दिन कार्यक्रमों की शुरुआत संभव कला जत्था द्वारा प्रस्तुत झूमर नृत्य से हुई, जिसने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके बाद मानसी तिवारी और स्निग्धा यादव ने लोक कलाओं की शानदार प्रस्तुति दी। समापन सत्र में बॉलीवुड गायिका मधुबंती बागची ने अपनी मधुर आवाज से माहौल को संगीतमय बना दिया और महोत्सव का भव्य समापन हुआ।कार्यक्रम के दौरान विधायक सुरेश पासवान, महापौर रवि राउत, उपमहापौर टीप चटर्जी सहित कई जनप्रतिनिधि और जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
इस मौके पर मंत्री हफीजुल अंसारी, देवघर विधायक सुरेश पासवान, उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा, मेयर रवि राउत और जिला परिषद अध्यक्ष किरण कुमारी सहित कई जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। सभी ने कार्यक्रम की सराहना की और कलाकार की प्रस्तुति को यादगार बताया। बैद्यनाथ महोत्सव के तहत आयोजित इस सांस्कृतिक कार्यक्रम ने देवघर की सांस्कृतिक पहचान को एक बार फिर सशक्त किया और लोगों को मनोरंजन के साथ-साथ एक सुखद अनुभव भी प्रदान किया।


