अज्ञात युवक की हत्या का खुलासा, कपड़े और जूते से हुई पहचान
ढाई घंटे तक जाम से मुख्य सड़क पर आवागमन ठप, पुलिस ने संभाली स्थिति
देवघर। दुमका मुख्य सड़क पर बैजनाथपुर चौक के पास मंगलवार को उस समय स्थिति तनावपूर्ण हो गई, जब हत्या के विरोध में परिजनों और स्थानीय लोगों ने मृतक का शव सड़क पर रखकर जाम कर दिया। करीब ढाई घंटे तक चले इस जाम के कारण सड़क से गुजरने वाले लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। इस दौरान विदेशी चौक पर भी टायर जलाकर प्रदर्शन किया गया, जिससे आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया।
मामला सोमवार सुबह का है, जब रिखिया थाना क्षेत्र के ठाढ़ी गांव स्थित एक तालाब के पास मैदान में एक अज्ञात युवक का शव बरामद किया गया था। युवक की हत्या धारदार हथियार से की गई थी। सिर को धड़ से अलग कर पत्थर से कुचल दिया गया था, जिससे घटना की क्रूरता सामने आई। देर रात तक शव की पहचान नहीं हो पाई थी, जिसके बाद पोस्टमार्टम कर शव को पहचान के लिए सुरक्षित रखा गया। मंगलवार सुबह परिजनों ने कपड़े और जूते के आधार पर शव की पहचान की। मृतक की पहचान कुंडा थाना क्षेत्र के बैजनाथपुर पावर ग्रिड के पास रहने वाले 33 वर्षीय दिलीप तुरी के रूप में हुई। इसके बाद परिजन करीब साढ़े ग्यारह बजे सदर अस्पताल से शव लेकर सीधे बैजनाथपुर चौक पहुंचे और हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया। जाम की सूचना मिलते ही एसडीपीओ अशोक कुमार सिंह, सर्किल इंस्पेक्टर केएन सिंह, इंस्पेक्टर अनिल कुमार, नगर थाना प्रभारी राजीव कुमार, रिखिया थाना प्रभारी प्रभात कुमार, कुंडा थाना प्रभारी प्रशांत कुमार, मोहनपुर थाना प्रभारी प्रियरंजन सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा और लोगों को समझाकर जाम समाप्त कराया।
दोस्त के घर जाने की बात कहकर निकला था दिलीप
मृतक के मंझले भाई बबलू कुमार ने बताया कि दिलीप चालक का काम करता था। रविवार दोपहर करीब दो बजे वह यह कहकर घर से निकला था कि छेंका में दोस्त के घर जा रहा है। वह चार पहिया वाहन लेकर गया था। शाम छह बजे तक परिवार से उसकी बात हुई, उसके बाद मोबाइल बंद हो गया। परिजन यह सोचकर शांत रहे कि वह सुबह तक लौट आएगा, लेकिन जब सोमवार तक वह घर नहीं लौटा तो खोजबीन शुरू की गई।
खोज के दौरान उसका वाहन बैद्यनापुर कांटा के पास खड़ा मिला। इसी बीच जानकारी मिली कि रिखिया पुलिस ने एक अज्ञात शव बरामद किया है। इसके बाद परिजन सदर अस्पताल पहुंचे और कपड़े व जूते से उसकी पहचान की।
सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस, संदिग्धों की तलाश तेज
मामले की जांच में जुटी पुलिस आसपास के कई स्थानों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। एक फुटेज में मृतक को शराब खरीदते हुए देखा गया है, जहां उसके साथ एक अन्य व्यक्ति भी मौजूद था। जानकारी के अनुसार एक अन्य फुटेज में वह एक स्कूटी पर एक युवती के साथ भी नजर आया है। पुलिस उस युवती और साथ दिख रहे व्यक्ति की पहचान करने में जुटी है।
बताया जा रहा है कि शराब दुकान पर भुगतान उसी व्यक्ति ने किया था जो उसके साथ था। पुलिस देर शाम तक विभिन्न स्थानों के सीसीटीवी फुटेज खंगालती रही और जल्द ही मामले के खुलासे का दावा किया जा रहा है।


