30 हजार नकद के साथ 08 मोबाइल, 06 सिम और 10 एटीएम कार्ड बरामद
देवघर। जिले में बढ़ते साइबर अपराध पर लगाम लगाने के लिए पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एसपी सौरभ के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत एटीएम मशीन में कार्ड फंसाकर ठगी करने वाले चार अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। यह कार्रवाई पुलिस उपाधीक्षक राजा कुमार मित्रा के नेतृत्व में की गई।पूरे मामले की जानकारी एसपी सौरभ ने प्रेस वार्ता में दी।
उन्होंने बताया कि बीते कुछ महीनों से नगर थाना और जसीडीह थाना क्षेत्र में लगातार शिकायत मिल रही थी कि एटीएम कियोस्क में लोगों का कार्ड फंसाकर बाद में उसी कार्ड से अवैध रूप से पैसे की निकासी की जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। तकनीकी जांच और गुप्त सूचना के आधार पर चारों आरोपियों को दबोचा गया।
ऐसे करते थे ठगी:
जांच में सामने आया कि आरोपी खुद को एटीएम तकनीशियन या बैंक कर्मी बताकर लोगों को झांसे में लेते थे। पहले मशीन में छेड़छाड़ कर कार्ड फंसा देते थे, फिर मदद के नाम पर पीड़ित से एटीएम पिन जान लेते थे। इसके बाद उसी कार्ड से पैसे निकाल लेते थे। पुलिस ने दिलखुश कुमार, रजनीकांत कुमार उर्फ टिंकु, मोहन कुमार और मनीष कुमार सिंह को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी नवादा और जमुई जिले के रहने वाले बताए गए हैं। गिरफ्तार अपराधियों के पास से 08 मोबाइल, 06 सिम कार्ड, 10 एटीएम कार्ड, एक स्कॉर्पियो वाहन और 30,070 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। इसके अलावा एटीएम में कार्ड फंसाने के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले उपकरण भी जब्त किए गए हैं, जिनमें फेविक्विक लगा नुकीला उपकरण शामिल है। इस कार्रवाई में पुलिस उपाधीक्षक राजा कुमार मित्रा के साथ थाना प्रभारी देवेश कुमार भगत, नागेंद्र कुमार मंडल और साइबर थाना देवघर की टीम शामिल रही।
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि एटीएम में किसी भी अनजान व्यक्ति की मदद न लें और अपना पिन किसी के साथ साझा न करें। किसी तरह की गड़बड़ी होने पर तुरंत बैंक या पुलिस को सूचना दें। यह कार्रवाई दिखाती है कि सतर्कता और समय पर सूचना से साइबर अपराध पर अंकुश लगाया जा सकता है।


