रांची । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से ट्रेन संख्या 14022/14021 आनन्द विहार टर्मिनल – पुरुलिया – आनन्द विहार टर्मिनल साप्ताहिक एक्सप्रेस (वाया – रांची) का शुभारंभ शनिवार को किया गया।
उद्घाटन के अवसर पर यह ट्रेन 04020 पुरुलिया – आनन्द विहार टर्मिनल स्पेशल के रूप में परिचालित हुई। पुरुलिया से प्रस्थान करने के बाद यह ट्रेन निर्धारित समयानुसार मूरी होते हुए रांची रेलवे स्टेशन पहुंची।
रांची रेलवे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, राज्यसभा सांसद महुआ माजी, विधायक चन्द्रेश्वर प्रसाद सिंह, महापौर रोशनी खलखो, मंडल रेल प्रबंधक करुणा निधि सिंह, अन्य जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और रेलवे के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थेे।
सभी अतिथियों की उपस्थिति में रांची रेलवे स्टेशन पर निर्धारित ठहराव के बाद ट्रेन आनन्द विहार टर्मिनल के लिए प्रस्थान किया।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सह मुख्य जनसंपर्क अधिकारी शुचि सिंह ने बताया कि यह नई रेल सेवा झारखंड और आसपास के क्षेत्रों को दिल्ली, अयोध्या एवं लखनऊ सहित उत्तर भारत के महत्वपूर्ण शहरों से बेहतर रेल संपर्क प्रदान करेगी। इससे क्षेत्र के यात्रियों को यात्रा में सुविधा प्राप्त होगी और क्षेत्र के सामाजिक एवं आर्थिक विकास को भी बढ़ावा मिलेगा।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ राजू तिर्की, वरिष्ठ मंडल यांत्रिक अभियंता राजीव रंजन, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी राजा, वरिष्ठ मंडल सिग्नल और दूरसंचार अभियंता विवियन मरांडी एवं अन्य अधिकारी तथा कर्मचारी उपस्थित थे।
वहीं इसी क्रम में मूरी रेलवे स्टेशन पर भी एक कार्यक्रम आयोजित किया गया, जहां स्थानीय जनप्रतिनिधियों और अपर मंडल रेल प्रबंधक हेमराज मीना की उपस्थिति में ट्रेन मूरी स्टेशन से अपने अगले गंतव्य के लिए प्रस्थान किया।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


