ब्यूरो
दुमका। शहर में रसोई गैस की किल्लत की अफवाह ने लोगों के बीच हड़कंप मचा दिया है। बख्शी बांध रोड स्थित अंचित इंडेन गैस एजेंसी के बाहर पिछले कुछ दिनों से उपभोक्ताओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। शुक्रवार को भी गैस सिलेंडर बुक कराने और लेने के लिए सुबह से ही लंबी कतारें लगी रहीं, जिनमें पुरुषों के साथ बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल दिखीं।
बताया जा रहा है कि ईरान-इजरायल के बीच बढ़ते तनाव को लेकर सोशल मीडिया पर रसोई गैस की सप्लाई प्रभावित होने और भारी किल्लत की अफवाहें तेजी से फैल रही हैं। इसी आशंका के कारण लोग जल्द से जल्द सिलेंडर लेने और घरों में स्टॉक करने के लिए एजेंसी पहुंच रहे हैं।
इस बीच 7 मार्च 2026 से 14.2 किलो वाले घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत में 60 रुपये की बढ़ोतरी भी हुई है। दिल्ली में इसकी कीमत बढ़कर 913 रुपये से अधिक हो गई है। कीमतों में संभावित और वृद्धि की आशंका से भी उपभोक्ताओं में चिंता देखी जा रही है।
सरकार ने बुकिंग के नियमों में भी बदलाव किया है। अब एक सिलेंडर की डिलीवरी के बाद दूसरे सिलेंडर की बुकिंग के लिए न्यूनतम 25 दिनों का अंतर अनिवार्य कर दिया गया है, जबकि पहले यह अवधि 21 दिन थी। साथ ही 31 मार्च 2026 तक सभी उपभोक्ताओं के लिए बायोमेट्रिक केवाईसी कराना अनिवार्य किया गया है। इसी प्रक्रिया के चलते भी गैस एजेंसी पर भीड़ बढ़ गई है।
हालांकि सरकार और तेल कंपनियों ने साफ किया है कि देश में रसोई गैस की कोई कमी नहीं है और सप्लाई चेन पूरी तरह सुरक्षित है। उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि वे सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों पर ध्यान न दें और अनावश्यक पैनिक बुकिंग से बचें।


