पुलिस और सामाजिक संगठनों ने लिया भाग, महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा पर दिया गया विशेष जोर
देवघर। मानव तस्करी जैसे गंभीर अपराध के खिलाफ जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से शुक्रवार को सूचना भवन सभागार में एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्घाटन विजया रहाटकर ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर डीसी नमन प्रियेश लकड़ा और एसपी सौरभ सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यशाला में पुलिस विभाग, सामाजिक संगठनों और स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य मानव तस्करी के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाना और इस अपराध को रोकने के लिए सामूहिक प्रयासों को मजबूत करना था।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष ने कहा कि मानव तस्करी एक संगठित अपराध है, जिसमें लोगों को बहला-फुसलाकर या दबाव बनाकर मजदूरी, देह व्यापार और अन्य अवैध गतिविधियों में धकेल दिया जाता है। उन्होंने कहा कि इस गंभीर समस्या से निपटने के लिए समाज के हर वर्ग की सतर्कता और सहयोग जरूरी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि कहीं भी मानव तस्करी से जुड़ी कोई संदिग्ध गतिविधि नजर आए तो तुरंत पुलिस को सूचना दें और बच्चों तथा महिलाओं की सुरक्षा को लेकर हमेशा सजग रहें। इस दौरान डीसी ने भी लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि बच्चों और महिलाओं की सुरक्षा के लिए समाज की जागरूकता सबसे अहम है। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। साथ ही रेलवे सुरक्षा बल द्वारा मानव तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास समाज में सकारात्मक संदेश देते हैं और लोगों को अपनी जिम्मेदारी का एहसास कराते हैं।
कार्यशाला में रेलवे अधिकारियों ने भी मानव तस्करी की पहचान के संकेतों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यदि कोई व्यक्ति बच्चों या महिलाओं को संदिग्ध परिस्थितियों में ले जाता दिखे, कोई बच्चा घबराया हुआ नजर आए या कोई व्यक्ति गलत जानकारी देता हुआ प्रतीत हो, तो तुरंत रेलवे सुरक्षा बल या पुलिस को सूचित करना चाहिए। कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त पियूष सिन्हा, नगर आयुक्त रोहित सिन्हा, अनुमंडल पदाधिकारी रवि कुमार, उप नगर आयुक्त सागरी बराल, जिला परिवहन पदाधिकारी शैलेष कुमार प्रियदर्शी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी राहुल कुमार भारती, जिला खेल पदाधिकारी संतोष कुमार, जिला योजना पदाधिकारी मुकेश कुमार, जिला आपूर्ति पदाधिकारी प्रीतिलता किस्कू, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी कुमारी रंजना, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा कोषांग सरीता भारती, आरपीएफ असिस्टेंट कमांडेंट पूनम रानी, आरपीएफ इंस्पेक्टर जसीडीह देवनारायण और सब इंस्पेक्टर संतोष कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
—————————————————————————————————————————–
देवघर में राष्ट्रीय महिला आयोग की जन सुनवाई, महिलाओं की शिकायतें सुनी गईं
देवघर । जिले में राष्ट्रीय महिला आयोग आपके द्वार पहल के तहत शुक्रवार को समाहरणालय सभागार में जन सुनवाई का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने की। जन सुनवाई के दौरान महिलाओं से जुड़े विभिन्न मामलों को गंभीरता से सुना गया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। कार्यक्रम में डीसी नमन प्रियेश लकड़ा और पुलिस अधीक्षक सौरभ भी मौजूद रहे। जन सुनवाई में कई महिलाओं ने अपनी समस्याएं और शिकायतें सीधे आयोग के समक्ष रखीं। अधिकारियों ने सभी मामलों को दर्ज करते हुए त्वरित समाधान का भरोसा दिया। राष्ट्रीय महिला आयोग आपके द्वार पहल का उद्देश्य महिलाओं की शिकायतों का त्वरित निवारण सुनिश्चित करना है। इसके माध्यम से महिलाओं को अपनी समस्याएं सीधे प्रशासन और आयोग के समक्ष रखने का अवसर मिलता है, जिससे न्याय तक उनकी पहुंच मजबूत हो सके।
कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय महिला आयोग के सदस्य, जिला स्तरीय अधिकारी और अन्य संबंधित विभागों के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे। जन सुनवाई के माध्यम से महिलाओं की समस्याओं को प्राथमिकता के साथ सुलझाने पर जोर दिया गया।


