देवघर संताल एक्सप्रेस:-देवघर में घरेलू गैस सिलेंडर प्राप्त करने के लिए उपभोक्ताओं को इन दिनों काफी मशक्कत करनी पड़ रही है। शहर में इंडियन गैस की दो एजेंसियां — इण्डेन मेसर्स तारा इंटरप्राईजेज और शिवम इण्डेन गैस एजेंसी — तथा भारत गैस की एकमात्र एजेंसी होने के कारण बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं को सीमित व्यवस्था में गैस लेना पड़ रहा है। इसके चलते रोज सुबह से ही गैस एजेंसियों के बाहर लोगों की लंबी कतार लग जाती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि गैस सिलेंडर लेने के लिए उन्हें कई-कई घंटे लाइन में खड़ा रहना पड़ता है। सुबह से ही महिलाएं, बुजुर्ग और आम उपभोक्ता गैस एजेंसी के बाहर पहुंच जाते हैं, लेकिन भीड़ अधिक होने के कारण सभी को समय पर गैस नहीं मिल पाती। कई बार तो उपभोक्ताओं को बिना गैस लिए ही वापस लौटना पड़ता है, जिससे उनकी परेशानी और बढ़ जाती है। उपभोक्ताओं का कहना है कि शहर की बढ़ती आबादी के मुकाबले गैस एजेंसियों की संख्या काफी कम है। देवघर जैसे बड़े शहर में केवल तीन एजेंसियों के भरोसे हजारों उपभोक्ताओं को गैस उपलब्ध कराना मुश्किल हो रहा है।
खासकर त्योहारों और शादी-विवाह के मौसम में गैस की मांग और बढ़ जाती है, जिससे स्थिति और गंभीर हो जाती है। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन और संबंधित गैस कंपनियों से मांग की है कि देवघर में नई गैस एजेंसियों की स्थापना की जाए तथा गैस वितरण व्यवस्था को और बेहतर बनाया जाए, ताकि लोगों को गैस लेने के लिए घंटों लाइन में खड़ा न रहना पड़े। साथ ही उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध कराने के लिए ठोस कदम उठाने की भी जरूरत बताई जा रही है। अगर समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो आने वाले दिनों में उपभोक्ताओं की परेशानी और बढ़ सकती है। फिलहाल देवघर में घरेलू गैस के लिए लोगों की जद्दोजहद जारी है।


