रांची। झारखंड विधानसभा में बजट पर हुई चर्चा के दौरान विधायक सुरेश पासवान ने राज्य सरकार के बजट का जोरदार समर्थन करते हुए इसे जनकल्याण और विकास को समर्पित बजट बताया। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता गरीबों, पिछड़ों और समाज के कमजोर वर्गों को मुख्यधारा में लाना है। इसी सोच के तहत सड़क, बिजली और पानी जैसी बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए बजट में विशेष प्रावधान किए गए हैं।
शहरी विकास का जिक्र करते हुए पासवान ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य को स्वच्छ और हरित बनाने की दिशा में लगातार काम हो रहा है। नगर निकाय क्षेत्रों में स्ट्रीट लाइट की बेहतर व्यवस्था की गई है और गलियों की सफाई के लिए आधुनिक मशीनों व गाड़ियों का इस्तेमाल शुरू किया गया है।
उन्होंने बताया कि शहरों में जल निकासी की समस्या से निपटने के लिए ड्रेनेज, सीवरेज और नालियों के विस्तार का काम किया जा रहा है। इसके साथ ही मच्छरों से बचाव के लिए फॉगिंग मशीनों की व्यवस्था भी की गई है। विधायक ने शिक्षा के क्षेत्र में सरकार की पहल का उल्लेख करते हुए कहा कि छात्रों को स्कूल आने-जाने में सहूलियत देने के लिए साइकिल उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे उन्हें दूर-दराज के क्षेत्रों से भी आसानी से पढ़ाई के लिए पहुंचने में मदद मिल रही है। उन्होंने ‘मंईयां सम्मान योजना’ को महिलाओं के सम्मान से जुड़ी महत्वपूर्ण पहल बताते हुए कहा कि होली के अवसर पर गरीब महिलाओं के खातों में 2500 रुपये की सहायता राशि भेजी गई है, जिससे उन्हें आर्थिक सहारा मिला है।
इस दौरान पासवान ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि विकास कार्यों से घबराकर विपक्ष बेवजह आरोप लगा रहा है। उन्होंने कहा कि पिछली भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने गरीबों के लिए कोई ठोस पहल नहीं की, जबकि वर्तमान सरकार लगातार जनहित में काम कर रही है।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


