रांची: अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आदिवासी लेखिका वंदना टेटे ने कहा कि आदिवासी साहित्य में समाज और दुनिया को नई दिशा देने की ताकत है। उन्होंने कहा कि आदिवासी जीवन दर्शन, प्रकृति से जुड़ी सोच और सामुदायिक जीवन मूल्यों को समझे बिना आदिवासी समाज को सही ढंग से नहीं समझा जा सकता।
वंदना टेटे का जन्म 13 सितंबर 1969 को झारखंड के सिमडेगा जिले के सामटोली में हुआ। उनके पिता सुरेश चंद्र टेटे सेना में थे, जबकि उनकी मां रोज केरकेट्टा प्राध्यापक होने के साथ देश की जानी-मानी साहित्यकार और सामाजिक कार्यकर्ता रही हैं। घर में साहित्यिक माहौल होने के कारण बचपन से ही उनका रुझान पढ़ने और लिखने की ओर रहा।
उन्होंने रांची वीमेंस कॉलेज से स्नातक की पढ़ाई पूरी की और राजस्थान से एमएसडब्ल्यू की डिग्री प्राप्त की। मैट्रिक की पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने कविता लिखना शुरू कर दिया था। उनकी शुरुआती रचनाएं जनसंपर्क विभाग की पत्रिका आदिवासी में प्रकाशित हुईं और आकाशवाणी रांची से उनकी वार्ताएं और लोकगीत भी प्रसारित हुए।
वंदना टेटे बताती हैं कि गंभीर लेखन की शुरुआत उन्होंने वर्ष 1996 से की। उस समय आदिवासी समाज को लेकर लोगों के बीच फैली नकारात्मक और अपमानजनक धारणाओं को देखकर उन्हें लगा कि अपने समाज की वास्तविक पहचान और सोच को सामने लाना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि एक आदिवासी महिला लेखिका होने के नाते शुरुआत में कई तरह की टिप्पणियां सुननी पड़ीं। कई लोग यह मानने को तैयार नहीं थे कि एक आदिवासी महिला गंभीर लेखन कर सकती है। बावजूद इसके उन्होंने आदिवासी दर्शन, संस्कृति और परंपराओं पर लगातार लिखा और अपनी पहचान बनाई।
वंदना टेटे के अनुसार उनकी लेखनी में आदिवासी समुदाय, उसकी संस्कृति और जीवन मूल्यों का गहरा प्रभाव है। उन्होंने कहा कि आदिवासी साहित्य की सरलता, ताजगी और प्रकृति से जुड़ा दृष्टिकोण आज के कृत्रिम और घुटन भरे माहौल में समाज को नई दिशा देने की क्षमता रखता है।
महिला दिवस के अवसर पर उन्होंने युवा आदिवासी लड़कियों से आह्वान किया कि वे अपने समुदाय को ‘आदिवासियत’ के नजरिये से समझें और उसी दृष्टि से लिखें। उन्होंने कहा कि लेखन में सतहीपन से बचते हुए मौलिकता को अपनाना जरूरी है।
उन्होंने यह भी कहा कि बदलते समय में साहित्य को डिजिटल माध्यमों से जोड़ना आवश्यक है, ताकि कम समय में अधिक से अधिक लोगों तक आदिवासी समाज की असली पहचान और विचार पहुंच सकें।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


