संताल एक्सप्रेस संवाददाता
बरहरवा/साहिबगंज-साहिबगंज में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत् आरपीएफ की टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए ट्रेन से 4.7 किलोग्राम संदिग्ध गांजा बरामद किया है. बरामद मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत 2 लाख 35 हजार रुपये बताई जा रही है.
जानकारी के अनुसार शुक्रवार 6 मार्च 2026 को आरपीएफ क्राइम इंटेलिजेंस ब्रांच मालदा के एएसआई रवि शंकर यादव और हेड कांस्टेबल एस. मिद्या के साथ आरपीएफ पोस्ट बरहरवा के कांस्टेबल अनिल कुमार साह एवं जितेंद्र प्रसाद यादव अवैध ड्रग तस्करी की रोकथाम को लेकर विशेष जांच अभियान चला रहे थे. यह अभियान आरपीएफ पोस्ट बरहरवा के प्रभारी संजीव कुमार के नेतृत्व में चलाया जा रहा था.जांच के क्रम में टीम 13032 जयनगर–हावड़ा एक्सप्रेस में तीनपहाड़ रेलवे स्टेशन से सवार होकर कोचों की तलाशी ले रही थी. इसी दौरान जब ट्रेन धमधमिया रेलवे स्टेशन के पास पहुंची तो जनरल कोच संख्या एनएफ /105479 में शौचालय के पास सीट के नीचे विमल मार्का का एक सफेद रंग का संदिग्ध हैंडबैग पड़ा मिला.आरपीएफ कर्मियों ने आसपास मौजूद यात्रियों से बैग के बारे में पूछताछ की. लेकिन किसी ने भी उस पर अपना दावा नहीं किया. बैग के लावारिस और संदिग्ध स्थिति को देखते हुए उसे गवाहों की मौजूदगी में खोलकर जांच की गई.जांच के दौरान बैग के अंदर भूरे रंग के प्लास्टिक टेप में लिपटे चार पैकेट मिले. पैकेट खोलने पर उनमें हरे रंग का पत्तीनुमा पदार्थ पाया गया. जिससे तेज गंध आ रही थी और प्रथम दृष्टया यह गांजा (मारिजुआना) प्रतीत हुआ.इसके बाद बैग को ट्रेन से उतारकर बरहरवा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 2 पर लाया गया और इलेक्ट्रॉनिक तराजू से वजन किया गया. चारों पैकेटों का वजन क्रमशः 2 किलोग्राम, 1.6 किलोग्राम, 500 ग्राम और 600 ग्राम पाया गया. इस प्रकार कुल वजन 4.7 किलोग्राम दर्ज किया गया.आरपीएफ टीम ने सभी पैकेटों को विधिवत जब्त कर सुरक्षित तरीके से पैक और सील कर दिया. बरामद मादक पदार्थ को एनडीपीएस एक्ट 1985 के तहत कार्रवाई के लिए आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी करते हुए जीआरपी बरहरवा को सौंप दिया गया है. जहां आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


