भीड़भाड़ वाले बाजारों में लोगों को बनाया जा रहा निशाना
उधवा- राधानगर थाना क्षेत्र में शनिवार को मोबाइल चोरी की कई घटनाएं सामने आईं। बालुगांव बाजार, उधवा चौक, अमानत बाजार और पियारपुर बाजार में खरीदारी के दौरान लोगों के आठ मोबाइल फोन चोरी हो गए. बताया जा रहा है कि उस समय लोग बाजार की भीड़ में सब्जी और अन्य सामान खरीदने में व्यस्त थे. लोगों को मोबाइल चोरी होने का पता तब चला जब वे कॉल करने या भुगतान करने के लिए जेब में हाथ डाले. इस दौरान उधवा चौक स्थित सब्जी मंडी में स्थानीय लोगों ने एक कथित नाबालिग किशोर को मोबाइल चोरी करते हुए पकड़ लिया. लोगों ने उसे पकड़कर तुरंत पुलिस के हवाले कर दिया. घटना के बाद बाजार में कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा. मामले में अब तक केवल एक पीड़ित युवक ने थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है. वहीं अन्य मामलों में पुलिस ने मोबाइल चोरी की जगह मोबाइल गुम होने की रिपोर्ट दर्ज की है. जिसे लेकर स्थानीय लोगों में चर्चा का विषय बना हुआ है. पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है.


