ब्यूरो
दुमका । रेलवे स्टेशन के समीप रिंग रोड स्थित एएन कॉलेज मोड़ पर बुधवार की शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। गैस लाइटर से लदे एक ट्रक को पीछे से चिप्स लदे टेलर ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे मौके पर भीषण आग लग गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि लाइटर से लदा वाहन धूं-धूं कर जलने लगा और इसकी चपेट में आने से चिप्स लदा टेलर, एक खाली टेलर और एक हाइवा भी पूरी तरह जलकर खाक हो गए।
इस अग्निकांड में चिप्स लदे टेलर के उप चालक की मौके पर ही झुलसकर मौत हो गई। वहीं, दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें आनन-फानन में टोटो के जरिए फूलो झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों की स्थिति गंभीर बनी हुई है और वे फिलहाल कुछ भी बताने की स्थिति में नहीं हैं।
हादसे के बाद ट्रक में रखे गैस लाइटरों में लगातार हो रहे विस्फोटों से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। कड़ी मशक्कत के बाद तीन वाहनों की आग पर काबू पा लिया गया है, लेकिन लाइटर लदे ट्रक में लगी आग को बुझाने में दमकल कर्मियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मौके पर दुमका के एसडीओ कौशल कुमार, डीटीओ और पुलिस बल मौजूद है और राहत कार्य जारी है।


