संताल एक्सप्रेस संवाददाता
उधवा –साहिबगंज जिले के राधानगर थाना क्षेत्र के चांद शहर गांव के एक मजदूर की मुंबई में पीट-पीटकर हत्या कर दी गई. मृतक की पहचान बिपुल कर्मकार (30) के रूप में हुई है. घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया. जानकारी के अनुसार बिपुल कर्मकार करीब पांच महीने पूर्व रोजगार की तलाश में मुंबई गया था.वह छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस के समीप मस्जिद बंदर इलाके में रहकर मुंबई के विभिन्न स्थानों पर शूटिंग सेट पर मजदूरी का काम करता था. उसके साथ गांव के कुछ अन्य साथी भी काम कर रहे थे.बताया जाता है कि सोमवार को वह मस्जिद बंदर के पास एक शराब दुकान के समीप खड़ा था. इसी दौरान किसी युवक के साथ उसकी कहासुनी हो गई. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक मामूली नोकझोंक देखते ही देखते विवाद में बदल गई.आरोप है कि दूसरे युवक ने अपने साथियों के साथ मिलकर बिपुल कर्मकार की बेरहमी से पिटाई कर दी. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.बताया जा रहा है कि आरोपी पश्चिम बंगाल के मालदा जिले का रहने वाला है.घटना के बाद बिपुल के साथियों ने उसे गंभीर हालत में नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया. जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. जैसे ही घटना की खबर परिवारों को दी गई परिवार में चीख-पुकार मच गई. मृतक अपने पीछे पत्नी, बच्चों और भरा-पूरा परिवार छोड़ गया है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर उनके परिजनों को सौंप दिया.खबर लिखे जाने तक मृतक के शव को हवाई मार्ग से कोलकाता लाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. कोलकाता एयरपोर्ट से एंबुलेंस के जरिए शव को उसके पैतृक गांव चांद शहर लाया जाएगा. जहां अंतिम संस्कार की तैयारी की जाएगी. वहीं मुंबई पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच में जुटी है.
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


