दुमका । नगर परिषद चुनाव 2026 की आहट के साथ ही दुमका में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। अध्यक्ष पद के प्रत्याशी विनोद कुमार लाल ने चुनावी मैदान में उतरते ही भ्रष्टाचार के मुद्दे पर तीखा हमला बोला है। बुधवार को अपने आवास पर आयोजित एक प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने पूर्व नगर अध्यक्ष अमिता रक्षित के कार्यकाल को कटघरे में खड़ा करते हुए गंभीर वित्तीय अनियमितताओं के आरोप लगाए।
नामांकन दाखिल करने के बाद हमलावर मुद्रा में दिखे विनोद कुमार लाल ने सीधे तौर पर स्ट्रीट लाइट की खरीद में बड़े खेल का दावा किया। उन्होंने तथ्यों का हवाला देते हुए कहा कि अमिता रक्षित के कार्यकाल में जनता की गाढ़ी कमाई का दुरुपयोग किया गया। लाल के अनुसार, जो स्ट्रीट लाइटें बाजार में महज 7,200 रुपये में उपलब्ध थीं, उन्हें नगर परिषद द्वारा 15,000 रुपये की ऊंची दर पर खरीदा गया। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रति लाइट लगभग दोगुनी कीमत चुकाकर राजस्व को भारी चपत लगाई गई है।
विनोद कुमार लाल ने प्रेस वार्ता में यह भी स्पष्ट किया कि वे परिषद के भीतर भी लगातार इन मुद्दों को उठाते रहे हैं और जनता के पैसों की बंदरबांट का पुरजोर विरोध किया है। भ्रष्टाचार को इस चुनाव का मुख्य एजेंडा बताते हुए उन्होंने कहा कि शहर के विकास के नाम पर हुए इन घोटालों का जवाब अब जनता को देना होगा। उन्होंने मतदाताओं से पारदर्शिता और ईमानदारी के पक्ष में खड़े होने की अपील की है। विनोद लाल के इन तीखे तेवरों ने दुमका नगर परिषद के चुनावी मुकाबले को बेहद दिलचस्प और चुनौतीपूर्ण बना दिया है।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


