दुमका: नगर निकाय चुनाव की सरगर्मी के बीच भाजपा समर्थित प्रत्याशी अमिता रक्षित ने बुधवार को अपने आवास पर एक प्रेस वार्ता कर चुनावी बिगुल फूंक दिया। इस दौरान उन्होंने विपक्षी खेमे और पूर्व नगर अध्यक्ष पर तीखे प्रहार करते हुए शहर की बदहाली का मुद्दा उठाया। प्रेस वार्ता में मुख्य रूप से गोड्डा विधायक अमित कुमार मंडल और दुमका के पूर्व सांसद सुनील सोरेन सहित भाजपा के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। पार्टी के समर्थन पर जताई खुशी । अमिता रक्षित ने कहा कि उन्होंने शुरू में जनता के विशेष आग्रह पर निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में पर्चा भरा था, लेकिन बाद में भाजपा नेतृत्व ने उनकी निष्ठा और कार्यशैली पर भरोसा जताते हुए उन्हें अपना समर्थन दिया है। उन्होंने इसके लिए पार्टी आलाकमान का आभार व्यक्त किया।
पूर्व नगर अध्यक्ष पर गंभीर आरोप
अमिता रक्षित ने वर्तमान स्थिति पर नाराजगी जताते हुए कहा, “मेरी उपलब्धियों को पूर्व नगर अध्यक्ष ने अपनी उपलब्धि बताकर जनता को गुमराह किया है।” उन्होंने आरोप लगाया कि उनके कार्यकाल में दुमका को एक मॉडल शहर बनाया गया था, लेकिन आज शहर कूड़े के ढेर में तब्दील हो गया है। स्वच्छता के मामले में शहर काफी नीचे पायदान पर चला गया है।
विकास कार्यों की गिनाई फेहरिस्त
उन्होंने अपने कार्यकाल को याद करते हुए कहा हर घर को डस्टबिन उपलब्ध कराया था और घंटी बजाकर कचरा उठाने की व्यवस्था शुरू की थी, जो अब गायब है।
वाटर ट्रीटमेंट प्लांट मेरी ही देन है जिसके लिए मैंने रांची से दिल्ली तक भागदौड़ की थी। आज रसीदपुर जैसे इलाकों में पानी के लिए हाहाकार मचा है।
मेरे समय में पानी कनेक्शन का शुल्क न्यूनतम था और खपत के आधार पर रेंट तय था। आज स्क्वायर फीट के नाम पर जनता से 2,000 की जगह 35,000 तक वसूले जा रहे हैं, जिससे जनता त्राहिमाम कर रही है।
बिजली विभाग से लड़कर शहर के लिए 1500 नए पोल लगवाए थे ताकि हर कोना रोशन हो सके।
स्मार्ट और सुरक्षित दुमका का वादा
अमिता रक्षित ने भावुक होते हुए कहा कि विरोधियों ने शहर को ‘स्मार्ट सिटी’ और ‘ग्रीन सिटी’ बनाने के सपने को धूमिल कर दिया है। उन्होंने वादा किया कि यदि जनता उन्हें दोबारा सेवा का मौका देती है, तो वे न केवल शहर का सौंदर्यीकरण करेंगी, बल्कि महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान को प्राथमिकता देते हुए दुमका को एक सुरक्षित और विकसित शहर बनाएंगी।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


