सरैयाहाट । सरैयाहाट गादीझोंपा मुख्य मार्ग स्थित ओराबारी के समीप मंगलवार को बालू लोड ट्रैक्टर पलटने से चालक की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान बेलीढाब गांव निवासी 15 वर्षीय लक्ष्मण यादव (पिता– योगेंद्र यादव) के रूप में हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी राजेंद्र यादव एवं एसआई विकेश मेहरा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि ट्रैक्टर का इंजन चालक के ऊपर पलट गया था।
पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद कई घंटों में इंजन के नीचे दबे शव को बाहर निकाला गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, ट्रैक्टर बालू लोड कर तेज रफ्तार से जा रहा था। ओराबारी के समीप तीखे मोड़ पर चालक वाहन से संतुलन खो बैठा, जिससे ट्रैक्टर ट्रेलर सहित सड़क किनारे खाई में जा गिरा। इंजन के नीचे दब जाने से लक्ष्मण की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर थाना लाया, जहां पंचनामा की प्रक्रिया पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए फूलो झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया गया। दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर को जब्त कर थाना लाया गया है। मामले की जांच की जा रही है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में शोक की लहर व्याप्त है।


