पटना । पटना सिविल कोर्ट को बुधवार सुबह एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया। जिला एवं सत्र न्यायाधीश के कार्यालय की आधिकारिक ईमेल आईडी पर रात करीब एक बजे भेजे गए मेल में कोर्ट परिसर में आरडीएक्स प्लांट किए जाने की बात कही गई थी। सूचना मिलते ही एहतियातन पूरे न्यायालय परिसर को तत्काल खाली करा लिया गया और अदालती कार्यवाही अस्थायी रूप से रोक दी गई।
धमकी की सूचना फैलते ही कोर्ट परिसर और आसपास के इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सुरक्षा कारणों से आम लोगों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई। पुलिस ने पूरे क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में लेकर आवाजाही नियंत्रित कर दी। प्रारंभिक जांच के बाद प्रशासन ने बताया कि सुरक्षा जांच पूरी होने के उपरांत अदालत की कार्यवाही पुनः शुरू की जाएगी।
घटना की जानकारी मिलते ही पीरबहोर थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बम निरोधक दस्ता तथा डॉग स्क्वॉड को भी बुलाया गया। सुरक्षा एजेंसियों ने कोर्ट के प्रत्येक कक्ष, गलियारे, रिकॉर्ड रूम, पार्किंग क्षेत्र और आसपास के हिस्सों की सघन तलाशी शुरू की। बताया जा रहा है कि यह छठी बार है जब पटना सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। हालांकि पूर्व में मिली सभी धमकियां जांच में अफवाह साबित हुई थीं और किसी भी तरह की विस्फोटक सामग्री बरामद नहीं हुई थी, फिर भी लगातार मिल रही धमकियों ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। धमकी भरे ईमेल के स्रोत का पता लगाने के लिए साइबर सेल को सक्रिय कर दिया गया है। आईपी एड्रेस और अन्य डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर मेल भेजने वाले की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि बार-बार इस तरह की धमकी देने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


