मिर्जाचौकी में जल जमाव की समस्या को लेकर डीसी हेमंत सती का स्थल निरीक्षण
संताल एक्सप्रेस संवाददाता
साहिबगंज-मिर्जाचौकी क्षेत्र में बढ़ते नालों के कारण उत्पन्न जल निकासी एवं जल जमाव की गंभीर समस्या को देखते हुए शनिवार को डीसी हेमंत सती ने जल जमाव वाले स्थानों का स्थल निरीक्षण किया.निरीक्षण के क्रम में डीसी ने विशेष रूप से रेलवे स्टेशन परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में हो रहे जल जमाव की स्थिति का जायजा लिया.स्थल निरीक्षण के दौरान स्थानीय ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों से प्रत्यक्ष संवाद कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुने. ग्रामीणों ने बताया कि बरसात के मौसम में नालों की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण आवागमन बाधित होता है तथा आम जनजीवन प्रभावित होता है. इस पर डीसी ने स्थानीय ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि जल निकासी की स्थायी एवं प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी.डीसी हेमंत सती ने संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि मिर्जाचौकी क्षेत्र में नाले एवं सड़क निर्माण से संबंधित एक समग्र एवं तकनीकी डीपीआर शीघ्र तैयार कर प्रस्तुत करें. ताकि समस्या का दीर्घकालिक समाधान किया जा सके. उन्होंने स्पष्ट किया कि डीपीआर में जल निकासी की दिशा, नालों की चौड़ाई, गहराई तथा सड़क संरचना का समुचित आंकलन किया जाएं.
डीसी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बरसात से पूर्व आवश्यक अस्थायी उपाय भी सुनिश्चित किए जाएं. ताकि आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो. जिला प्रशासन जनसमस्याओं के समाधान के प्रति प्रतिबद्ध है एवं विकास कार्यों में पारदर्शिता एवं गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है.स्थल निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के पदाधिकारी एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित थे.


