रात में छापेमारी कर चार चोरी की मोटरसाइकिल और दो मोबाइल बरामद
देवघर। सोनारायठाढ़ी थाना क्षेत्र में चोरी की मोटरसाइकिल की खरीद फरोख्त के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई सोनारायठाढ़ी थाना कांड संख्या 09/2025,के तहत की गई है। इसकी जानकारी देवघर एसडीपीओ अशोक कुमार सिंह ने प्रेस कांफ्रेस कर दी। उन्होंने बताया कि 5 फरवरी की रात करीब 10 बजे गुप्त सूचना मिली थी कि कोल्हड़िया ढोढ़वा गांव में चोरी की मोटरसाइकिलें छिपाकर रखी गई हैं और उनकी खरीद बिक्री की जा रही है। सूचना के सत्यापन के बाद थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने रात करीब 10.30 बजे गांव में छापेमारी की। छापेमारी के दौरान चार अलग-अलग घरों से कुल चार हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल, एक एंड्रॉयड मोबाइल और एक कीपैड मोबाइल बरामद किया गया।
मौके से राजेश कुमार मंडल, गोविंद मंडल, सुम्बय महित्य उर्फ शिबू रजवार और रामधन मंडल उर्फ रावण मंडल को गिरफ्तार किया गया। सभी आरोपी सोनारायठाढ़ी थाना क्षेत्र के रहने वाले बताए गए हैं। बरामद मोटरसाइकिलों में अलग-अलग रंग और पंजीकरण संख्या की बाइक शामिल हैं, जिनमें एक बिना नंबर की मोटरसाइकिल भी है। पुलिस ने सभी बरामद सामानों को विधिवत जब्त कर लिया है। छापामारी दल में थाना प्रभारी पु०अ०नि० रोहित कुमार दाँगी, स०अ०नि० तबरेज अंसारी, जैप-05 के हवलदार सुशील कुमार सिंह,शैलेन्द्र कुमार सिंह, आरक्षी नरेश कुमार यादव, हवलदार विकाश चन्द्र माँझी, चौकीदार सिंदु कुमार चौधरी और सिंटु मुर्मू शामिल थे।

