बरेली । प्रेमनगर थाना क्षेत्र के एक बैंक्वेट हॉल में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब धूमधाम से पहुंची बारात के बीच एक युवती ने खुद को दूल्हे की प्रेमिका बताते हुए शादी रुकवा दी। युवती अपने परिजनों के साथ समारोह स्थल पहुंची और आरोप लगाया कि जिस युवक की शादी हो रही है, वह वर्षों तक उससे विवाह का वादा कर संबंध बनाता रहा।
मामला अशरफ खां चौकी क्षेत्र से जुड़ा बताया जा रहा है। युवती का कहना है कि दोनों तीन साल तक रिश्ते में रहे और साथ जीने-मरने की कसमें खाईं। आरोप है कि युवक की सरकारी नौकरी लगने के बाद उसके परिवार ने शादी के लिए 20 लाख रुपये और कार की मांग रख दी। मांग पूरी न होने पर रिश्ता तोड़ दिया और अब दूसरी युवती से विवाह किया जा रहा है।
युवती ने बताया कि वह इस संबंध में पिछले वर्ष दुष्कर्म का मुकदमा भी दर्ज करा चुकी है, जो न्यायालय में विचाराधीन है। वहीं, लड़के पक्ष ने आरोपों को निराधार बताते हुए कोर्ट से राहत मिलने की बात कही।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराया। हंगामे के दौरान युवती के पिता की तबीयत बिगड़ गई। सीओ प्रथम आशुतोष शिवम ने बताया कि युवक हाई कोर्ट से गिरफ्तारी पर स्थगन आदेश लिए हुए है। प्रकरण न्यायालय में लंबित है, नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


