निजी आवास से समाहरणालय तक निकली आशीर्वाद यात्रा, समर्थकों की रही उपस्थिति
देवघर । नगर निगम चुनाव को लेकर नामांकन प्रक्रिया के तहत अंतिम दिन वार्ड संख्या 27 से प्रियंका देवी ने पार्षद पद के लिए अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन से पूर्व वार्ड 27 के करणीबाग स्थित निजी आवास से आशीर्वाद यात्रा निकाली गई। यह यात्रा कुंडा मोड़, चरकी पहाड़ी, बंधा होते हुए समाहरणालय पहुंची। यात्रा में स्थानीय नागरिकों, महिलाओं और समर्थकों की भागीदारी देखी गई। इसके बाद समाहरणालय पहुंचकर प्रियंका देवी ने विधिवत रूप से नामांकन प्रक्रिया पूरी की। नामांकन के पश्चात प्रियंका देवी ने कहा कि वे वार्ड 27 के नागरिकों के बीच रहकर जनसमस्याओं से परिचित हैं। उन्होंने बताया कि यदि जनता ने उन्हें प्रतिनिधि चुना, तो वार्ड में सड़क, नाली, पेयजल, सफाई, स्ट्रीट लाइट सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं पर ध्यान दिया जाएगा। साथ ही सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने यह भी कहा कि वार्ड में पारदर्शी कार्यप्रणाली अपनाते हुए नागरिकों की समस्याओं के समाधान की दिशा में कार्य किया जाएगा।
आशीर्वाद यात्रा और नामांकन के दौरान विभिन्न सामाजिक संगठनों से जुड़े लोग, अलग-अलग दलों के नेता और बड़ी संख्या में समर्थक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के कारण क्षेत्र में चुनावी गतिविधियां तेज और माहौल सक्रिय नजर आया।


