संताल एक्सप्रेस संवाददाता
बरहरवा- नगर पंचायत आम चुनाव–2026 के तहत् बुधवार को बरहरवा नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए अर्पिता दास ने पूरे जोश और समर्थकों के के साथ अपना नामांकन पत्र दाखिल किया. नामांकन के दौरान नगर में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला.ढोल–नगाड़ों, नारों और समर्थकों की मौजूदगी ने इसे एक बड़े शक्ति प्रदर्शन का रूप दे दिया. प्रखंड कार्यालय तक पहुंचने के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे.जिससे नामांकन प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके.नामांकन दाखिल करने के बाद मीडिया से बातचीत में अर्पिता दास ने अपने इरादों को स्पष्ट शब्दों में रखा. उन्होंने कहा कि बरहरवा नगर पंचायत में वर्षों से कई विकास कार्य अधूरे पड़े हैं.जो जनता के लिए आज भी परेशानी का कारण बने हुए हैं. यदि जनता ने उन्हें अध्यक्ष पद के लिए चुना.तो उनकी पहली प्राथमिकता उन सभी अधूरे कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करना होगी.
अर्पिता दास ने अपने बयान में यह भी कहा कि नगर पंचायत का समग्र विकास तभी संभव है जब बुनियादी सुविधाओं पर ईमानदारी से काम किया जाएं. उन्होंने साफ शब्दों में कहा मेरा उद्देश्य केवल पद हासिल करना नहीं बल्कि बरहरवा को एक स्वच्छ, सुव्यवस्थित और विकसित नगर बनाना है. सड़क, नाली, पेयजल, सफाई व्यवस्था और स्ट्रीट लाइट जैसी मूलभूत जरूरतों को दुरुस्त करना मेरी प्राथमिकता रहेगी. नगर के हर वार्ड में समान विकास सुनिश्चित किया जाएगा और किसी भी क्षेत्र के साथ भेदभाव नहीं होने दिया जाएगा.महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों की समस्याओं को गंभीरता से सुना जाएगा और नगर पंचायत को जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप चलाया जाएगा.
अर्पिता दास के नामांकन के साथ ही बरहरवा नगर पंचायत अध्यक्ष पद का चुनावी माहौल और अधिक गर्म हो गया है. उनके शक्ति प्रदर्शन और स्पष्ट विकास एजेंडे से यह साफ है कि आने वाले दिनों में चुनावी मुकाबला रोचक होने वाला है.
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


