देवघर । नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत शिक्षा सभा चौक के पास मंगलवार की शाम पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक बड़ी आपराधिक घटना को टलने से पहले ही नाकाम कर दिया। पुलिस ने अवैध हथियार के साथ दो युवकों को गिरफ्तार कर उनके पास से पिस्टल, जिंदा कारतूस, मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन बरामद किए हैं। उक्त जानकारी सदर एसडीपीओ अशोक कुमार सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दी,उन्होंने बताया कि 28 जनवरी की रात करीब 7 बजकर 40 मिनट पर नगर थाना प्रभारी को गुप्त सूचना मिली कि शिक्षा सभा चौक के आसपास बाबा परिहस्त गिरोह से जुड़े दो सक्रिय सदस्य किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में मौजूद हैं। सूचना मिलते ही वरीय पदाधिकारियों को अवगत कराया गया और उनके निर्देश पर तत्काल एक विशेष छापामारी टीम का गठन किया गया।
टीम ने बताए गए स्थान पर पहुंचकर इलाके का निरीक्षण किया और घेराबंदी कर छापेमारी की। इस दौरान दो युवकों को अवैध पिस्टल के साथ धर दबोचा गया। तलाशी में एक पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, घटना में प्रयुक्त बुलेट मोटरसाइकिल नंबर जे एच-15 एजे-9678 तथा दो मोबाइल फोन बरामद किए गए। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान अंकित जोशी, उम्र 30 वर्ष, निवासी हरि किशुन साह लेन, सनवेल बाजार पेडा गली और अनन्य वत्स, उम्र 20 वर्ष, निवासी मंदिर मोड़, शिक्षा सभा चौक, नगर थाना क्षेत्र के रूप में की गई है। दोनों से पूछताछ की जा रही है और उनके आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है।
इस कार्रवाई में छापामारी दल में नगर थाना के सह थाना प्रभारी राजीव कुमार के साथ मुकेश कुमार तिवारी, दिलीप मुंडा, सुमंत प्रसाद, संजय रजक, पंकज कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। पुलिस का कहना है कि समय रहते की गई इस कार्रवाई से इलाके में संभावित बड़ी वारदात को रोका जा सका।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


