●ओबीसी आरक्षण 27 प्रतिशत से घटा कर 14 प्रतिशत करने के लिए बाबूलाल मरांडी को बताया जिम्मेवार
● मरांडी को भाजपा विधायक दल के नेता पद से हटाने की मांग,ओबीसी से भाजपा के बहिष्कार की अपील
विशेष संवाददाता
दुमका । पूर्व सांसद सूरज मंडल ने पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी को पिछड़ा वर्ग के हितों का नुकसान करने वाला बताते हुए कहा उनके मुख्यमंत्रित्व काल में पिछड़ा वर्ग का आरक्षण 27 प्रतिशत से घटाकर कर 14 प्रतिशत कर दिया गया।दुमका में पत्रकारों के साथ बातचीत में सूरज मंडल ने कहा कि अविभाजित बिहार में 54 प्रतिशत ओबीसी को 27 प्रतिशत आरक्षण मिलता था।पर झारखंड अलग राज्य बनने के बाद प्रथम मुख्यमंत्री ने ओबीसी आरक्षण को 27 प्रतिशत से घटा कर 14 प्रतिशत कर दिया।उन्होंने कहा कि पिछड़े वर्ग के लोगों को उम्मीद थी बाद में आने वाली सरकार इसमें सुधार कर देगी पर किसी सरकार ने इस पर ध्यान नहीं दिया।सूरज मंडल ने बताया कि आरक्षण में 13 प्रतिशत की कटौती से 25 साल में पिछड़ा वर्ग के 6 लाख बेरोजगारों की नौकरियों की हकमारी हुई।उन्होंने कहा कि बाबूलाल मरांडी के कार्यकाल में 13 अनुसूचित जिलों के पंचायती राज व्यवस्था में एकल पदों को एसटी के लिए आरक्षित कर दिया गया।इससे भी ओबीसी को नुकसान हुआ।सूरज मंडल ने कहा कि पिछड़ा वर्ग को नुकसान करने वाले बाबूलाल मरांडी को भाजपा ने अपनी पार्टी के विधायक दल का नेता बना दिया है।उन्होंने भाजपा से मांग किया कि बाबूलाल मरांडी को विधायक दल के नेता पद से हटाए।सूरज मंडल ने कहा कि मैं ओबीसी के लोगों से अपील करता हूं कि जब तक बाबूलाल मरांडी को भाजपा विधायक दल के नेता पद से नहीं हटाती है तब तक भारतीय जनता पार्टी की बैठकों और कार्यक्रमों का बहिष्कार करें।पत्रकार सम्मेलन में गया प्रसाद साह,रामजी भगत और प्रसून कुमार मिश्रा भी मौजूद थे।


