संवेदनशील बूथों पर कड़ी निगरानी, गश्त और त्वरित कार्रवाई के निर्देश
देवघर। आगामी नगरपालिका आम निर्वाचन 2026 को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और भयमुक्त माहौल में संपन्न कराने के लिए जिला पुलिस पूरी तरह सतर्क हो गई है। इसी क्रम में 28 जनवरी 2026 को दोपहर 12 बजे पुलिस अधीक्षक की अध्यक्षता में एक विशेष समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के सभी वरिष्ठ पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे। इसमें अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक सीसीआर व मुख्यालय, परिचारी प्रवर, सभी पुलिस निरीक्षक, प्रमुख थानों के प्रभारी और चुनाव कोषांग से जुड़े अधिकारी शामिल हुए। बैठक में चुनाव के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि किसी भी कीमत पर चुनावी माहौल को बिगाड़ने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी मतदान केंद्रों, खासकर संवेदनशील और अतिसंवेदनशील बूथों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। पुलिस को मतदान से पहले और मतदान के दिन प्रभावी गश्त, सतत निगरानी और सख्त नियंत्रण व्यवस्था लागू करने को कहा गया है। चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन पर त्वरित कानूनी कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए। तनावग्रस्त और विवादित इलाकों में विशेष नजर रखने और अतिरिक्त बल की व्यवस्था करने पर जोर दिया गया।बैठक में यह भी तय हुआ कि मतदान के दिन बूथों के आसपास यातायात व्यवस्था दुरुस्त रहेगी, ताकि मतदाताओं को किसी तरह की परेशानी न हो। पुलिसकर्मियों को पूरी तरह सतर्क, सक्रिय और तटस्थ रहते हुए ड्यूटी निभाने का निर्देश दिया गया, जिससे मतदाता बिना किसी डर के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें। जिला पुलिस प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों से दूर रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि या आपात स्थिति की सूचना तुरंत नजदीकी थाना या पुलिस नियंत्रण कक्ष को दें। पुलिस का कहना है कि लोकतंत्र के इस पर्व को सुरक्षित और शांतिपूर्ण बनाना प्रशासन और जनता दोनों की साझा जिम्मेदारी है।


