आक्रोशित ग्रामीणों ने किया घंटो सड़क जाम
संताल एक्सप्रेस संवाददाता
बोरियो- बोरियो थाना क्षेत्र के बोरियो-साहिबगंज मुख्य मार्ग के रक्सो गांव के समीप मंगलवार को दोपहर 11:30 बजे बस के चपेट में आने से एक बच्ची की दर्दनाक मौत हो गई. प्राप्त जानकारी के अनुसार विनोद मड़ैया कि चार वर्षीय पुत्री परी मड़ैया अपने दादा के साथ दुकान जा रही थी. इसी दौरान बोरियो से साहिबगंज कि ओर जा रही बस संख्या जेएच 04 ए डी 9603 (राजा बाबू) कि चपेट से आने से बच्ची की दर्दनाक मौत हो गई. वही बस चालक घटनास्थल से बस को लेकर भागकर बांझी टावर के समीप बस को स्टार्ट खड़ा छोड़ कर फरार हो गया. जिसके बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआबजे कि मांग को लेकर मुख्य मार्ग पर बॉस-बल्ला लगाकर घंटो सड़क जाम कर दिया. घटना की सूचना बोरियो पुलिस को मिलते ही इंस्पेक्टर नुनुदेव रॉय, थाना प्रभारी रोहित कुमार, एएसआई विराम मरांडी, प्रभा शंकर दुबे, कामदेव सिंह दल बल के साथ घटनास्थल पहुंचकर छानबीन की. वही पुलिस व स्थानीय जनप्रतिनिधि रक्सो मुखिया ताला हांसदा, बांझी पूर्व मुखिया स्टीफन मुर्मू के द्वारा परिजन व ग्रामीणों को समझा-बुझाकर सड़क जाम हटवाया गया. सड़क जाम के दौरान छोटी-बड़ी गाड़ियों की लंबी कतारें लग गयी. इस दौरान राहगीर काफी परेशान दिखे. वही जाम हटाने के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए साहिबगंज सदर अस्पताल भेज दिया. मामले को लेकर थाना प्रभारी रोहित कुमार ने बताया कि दुर्घटना कर भाग रही बस को पुलिस जप्त कर थाना ले आई है. मामले की लेकर छानबीन की जा रही है.


