गणतंत्र दिवस व 2 फरवरी झारखंड दिवस की तैयारी को लेकर प्रखंड कार्यालय में बैठक
श्रीराम भगत
संताल एक्सप्रेस संवाददाता
अमड़ापाड़ा (पाकुड़)। अमड़ापाड़ा अंचल क्षेत्र में कोयला परिवहन को लेकर उठे सवालों के बीच झामुमो विधायक हेमलाल मुर्मू ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि उनकी लड़ाई रेलवे से है, न कि स्थानीय ट्रांसपोर्टरों या कोल प्रबंधन से। उन्होंने साफ किया कि पाकुड़ से रेलवे रैक के माध्यम से बाहर कोयला भेजने नहीं दिया जाएगा, जबकि डंपरों के जरिए आलूबेड़ा से पाकुड़ तक कोयला परिवहन में किसी प्रकार की कोई रोक नहीं है और यह कार्य सामान्य रूप से जारी रहेगा। शनिवार को पहाड़पुर स्थित झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के प्रखंड कार्यालय में आयोजित बैठक के दौरान जब 24 जनवरी से आलूबेड़ा से पाकुड़ तक कोयला परिवहन बंद किए जाने की घोषणा को लेकर उनसे सवाल किया गया, तो विधायक ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि इस आंदोलन का उद्देश्य स्थानीय मजदूरों, ट्रांसपोर्टरों या क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंचाना नहीं है। यह संघर्ष स्थानीय हितों की अनदेखी के खिलाफ और रेलवे व्यवस्था की मनमानी के विरुद्ध है। उक्त बयान से पहले प्रखंड कार्यालय में गणतंत्र दिवस तथा आगामी दो फरवरी को दुमका में आयोजित झारखंड दिवस को लेकर प्रखंड कमिटी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में विधायक हेमलाल मुर्मू मुख्य रूप से उपस्थित रहे, जबकि अध्यक्षता झामुमो प्रखंड अध्यक्ष श्यामलाल हांसदा ने की।
बैठक में निर्णय लिया गया कि गणतंत्र दिवस के अवसर पर पार्टी कार्यालय में विधिवत ध्वजारोहण किया जाएगा, वहीं दो फरवरी को दुमका के गांधी मैदान में झामुमो स्थापना दिवस को झारखंड दिवस के रूप में भव्य और ऐतिहासिक तरीके से मनाया जाएगा। इसके लिए प्रखंड के सभी दस पंचायतों से अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
इस क्रम में सभी पंचायत अध्यक्षों एवं सचिवों से दो फरवरी को दुमका पहुंचने को लेकर रायशुमारी की गई। विधायक ने निर्देश दिया कि प्रखंड कमिटी प्रत्येक पंचायत में बैठक कर कार्यक्रम की तैयारी को अंतिम रूप दे। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि हेमंत सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों तक पहुंचे और पात्र लाभुकों को इन योजनाओं का लाभ मिल रहा है या नहीं, इसकी समीक्षा की जाए।
विधायक ने पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को दो फरवरी दुमका चलें नारे के साथ गांव-गांव दीवार लेखन अभियान चलाने, पेशा कानून की जानकारी घर-घर पहुंचाने तथा कार्यक्रम स्थलों पर तोरण द्वार निर्माण के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने फरवरी माह में होने वाले एसआईआर से संबंधित नियमों की जानकारी देते हुए कार्यकर्ताओं को अपनी तैयारी दुरुस्त रखने को कहा।
बैठक में केंद्रीय समिति सदस्य विकास मुर्मू, जिला परिषद सदस्य प्रियंका मालतो, लिट्टीपाड़ा प्रखंड उपाध्यक्ष रंजन साहा, प्रखंड संगठन सचिव रंजीत पंडित, युवा मोर्चा जिला सचिव अमित भगत, वरिष्ठ कार्यकर्ता संतोष भगत, संजीत भगत, मंटू भगत, संजय रजक सहित दर्जनों झामुमो कार्यकर्ता मौजूद थे।


